“GST दरों में कटौती जनता की भलाई के लिए नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए की गई है”

■ बिहार चुनाव से पहले GST में कटौती चुनावी स्टंट है” – रुसेन कुमार
■ जनता के हित में नहीं, चुनावी फायदा लेने के लिए फैसला
रायगढ़ । आम आदमी पार्टी रायगढ़ ने केंद्र सरकार की हालिया GST कटौती को जनता की भलाई के बजाय चुनावी लाभ लेने का कदम बताया है। पार्टी का कहना है कि यह निर्णय सीधे तौर पर बिहार विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए लिया गया है।
पार्टी ने कहा कि सरकार जनता की पीड़ा को वर्षों तक नज़रअंदाज़ करती रही और अब अचानक चुनावी मौसम में यह घोषणा करके वोट बटोरने की कोशिश कर रही है।
जनता की भलाई नहीं, राजनीतिक लाभ प्राथमिकता
आम आदमी पार्टी रायगढ़ के नेता रुसेन कुमार ने कहा, “GST दरों में कटौती जनता की भलाई के लिए नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए की गई है। अगर सरकार वास्तव में जनता को राहत देना चाहती, तो यह कदम पहले उठाया जाता, न कि चुनाव से ठीक पहले।”
महंगाई और बेरोज़गारी पर सरकार क्यों खामोश?
रुसेन कुमार ने सवाल किया कि जब पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर और रोज़मर्रा की वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही थीं, तब सरकार ने कोई कदम क्यों नहीं उठाया? उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी GST की जटिलताओं से परेशान हैं, किसान लागत बढ़ने से त्रस्त हैं, और बेरोज़गारी चरम पर है – लेकिन सरकार लगातार चुप रही।
चुनावी घोषणा, असली राहत नहीं
रुसेन कुमार ने कहा, “थोड़ी-सी GST कटौती से न तो महंगाई पर नियंत्रण होगा और न ही जनता की आमदनी बढ़ेगी। यह केवल एक चुनावी स्टंट है। बिहार की जनता समझदार है और खोखले वादों में नहीं फँसेगी।”
आम आदमी पार्टी की माँग
पार्टी ने माँग की है कि GST की संरचना को सरल बनाया जाए, छोटे व्यापारियों और किसानों को राहत मिले, रोज़गार के अवसर बढ़ाए जाएं और महंगाई पर स्थायी नियंत्रण लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
उक्ताशय की प्रेस विज्ञप्ति पार्टी नेता रुसेन कुमार ने जारी की है ।




