ऐतिहासिक चक्रधर समारोह को बना दिया गया ‘आर्केस्ट्रा’ – आम आदमी पार्टी

■ सत्ता में आई तो अपने ढंग से संवारेगी ‘ आप ‘ आयोजन को
रायगढ़ । आम आदमी पार्टी रायगढ़ ने ऐतिहासिक चक्रधर समारोह की मौलिक गरिमा और सांस्कृतिक धरोहर को नष्ट किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है। पार्टी का कहना है कि जिस आयोजन को वर्षों से शास्त्रीय संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक परंपराओं की पहचान माना जाता रहा, उसे कुछ स्वार्थी तत्वों ने स्वंभू बनकर राष्ट्रीय स्तर के शास्त्रीय संगीत उत्सव को सस्ते मनोरंजन और स्थानीय आर्केस्ट्रा बना डाला है।
संगीत और संस्कृति के साथ अन्याय
आम आदमी पार्टी ने कहा कि यह समारोह कलाकारों की साधना, शास्त्रीय संगीत और नृत्य परंपरा को प्रोत्साहन देने का गरिमामय मंच हुआ करता था। किंतु भाजपा सरकार ने इसे लोकलुभावन बनाने के नाम पर केवल आर्केस्ट्रा और भोंडे आयोजन का रूप दे डाला। इस आयोजन में भारतीय शास्त्रीय संगीत की आत्मा ही गायब है। समारोह के स्तर को इतना नीचा कर दिया गया है कि स्थानीय साधना विहीन मनोरंजक कला प्रस्तुत करने वाले पहले मैं-पहले मैं करके आपस में ही झगड़ रहे हैं।
शास्त्रीय संगीत का मंच रहा चक्रधर समारोह
चक्रधर समारोह केवल महान सांस्कृतिक कार्यक्रम होने के साथ साथ यह भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य के महान कलाकारों के लिए एक प्रतिष्ठित मंच हुआ करता था। यहां देश के शीर्ष संगीतसाधकों,नर्तकों और कला मर्मज्ञों को आमंत्रित कर उनकी साधना और संगीत निष्ठा को सम्मान दिया जाता था। यही वजह थी कि रायगढ़ भारत के सांस्कृतिक मानचित्र पर विशिष्ट पहचान बना सका।
समारोह की गरिमा का हनन
चक्रधर समारोह महाराजा चक्रधर सिंह की गरिमा और स्मृति से जुड़ा है। इस आयोजन ने रायगढ़ को देशभर में सांस्कृतिक मानचित्र पर प्रतिष्ठा दिलाई थी। लेकिन इस वर्ष आयोजन की आत्मा को नज़रअंदाज़ कर इसे सामान्य मेले की तरह प्रस्तुत किया गया है। इससे रायगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को गहरी चोट पहुँची है।
भाजपा सरकार की संगीत विरोधी मानसिकता पर सवाल
आम आदमी पार्टी ने कहा कि भाजपा सरकार महाराजा चक्रधर सिंह के विरासत को संरक्षण देने के बजाय उसे बाज़ारू ढंग से पेश कर रही है। यह केवल सांस्कृतिक क्षरण ही नहीं बल्कि रायगढ़ की संगीतप्रेमी जनता की भावनाओं से खिलवाड़ भी है। जिस आयोजन में गुणी संगीतज्ञों का आगमन होना चाहिए था, वहाँ अब स्थानीय मंचीय मनोरंजन को प्राथमिकता दी जा रही है।
जनता की आवाज़ और मांग
आम आदमी पार्टी मांग करती है कि राज्य सरकार चक्रधर समारोह की ऐतिहासिक गरिमा बहाल करे और महाराजा चक्रधर सिंह की गरिमा का कुछ तो खयाल करे।
आम आदमी पार्टी का संकल्प
आम आदमी पार्टी ने कहा कि उनकी सत्ता आने पर वह संस्कृति और शास्त्रीय संगीत के संरक्षण के लिए गरिमापूर्ण ढंग से काम करेगी।







