श्याम टॉकीज, सुभाष चौक, गांधी पुतला रोड और संजय मार्केट में चला सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान

सड़क पर कब्जा करने वालों पर निगम की सख्ती, 14 दुकानदारों पर कार्रवाई

■ सड़क पर रखा सामान जब्त, 22,200 रुपये का जुर्माना वसूला

रायगढ़ नगर पालिक निगम रायगढ़ द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय की उपस्थिति में निगम की टीम ने श्याम टॉकीज, सुभाष चौक, गांधी पुतला रोड तथा संजय मार्केट क्षेत्र में सघन रूप से अतिक्रमण पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान सार्वजनिक सड़क एवं फुटपाथ पर व्यवसाय का सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वाले कुल 14 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सड़क पर रखा प्लास्टिक, साउंड बॉक्स, टेबल, साइकिल, कैरेट सहित अन्य सामान जब्त किया गया। साथ ही संबंधित दुकानदारों पर कुल 22,200 रुपये का अर्थदंड भी अधिरोपित किया गया।
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने पाया कि कई दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा से बाहर निकालकर सड़क एवं फुटपाथ पर रखा गया था, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम की टीम ने तत्काल मौके पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया तथा सार्वजनिक मार्ग पर रखे सामान को जब्त कर लिया।
अभियान के दौरान गुड़िया पर 200 रुपये, पवन कुमार पर 500 रुपये, वॉइस विजन पर 500 रुपये, शिवम रेडियो पर 2,000 रुपये, सिंधु डिपो पर 2,000 रुपये, दीपक जनरल स्टोर पर 2,000 रुपये, गणेश मोबाइल पर 2,000 रुपये, न्यू बुक डिपो पर 2,000 रुपये, सिंधु बुक डिपो पर 2,000 रुपये, प्रथम ऑटोमोबाइल पर 2,000 रुपये, महताब पर 2,000 रुपये, सुबोध कुमार (निगम कार्यालय के समीप) पर 2,000 रुपये, शोभाराम मानिकराम पर 1,000 रुपये, शिवाय कलेक्शन पर 1,000 रुपये, संजय मार्केट स्थित न्यू शू कलेक्शन पर 500 रुपये तथा सद्दाम बूट पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई में कुल 14 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 22,200 रुपये की राशि वसूल की गई।
निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ एवं चौक-चौराहों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण शहर की यातायात व्यवस्था, सौंदर्य और नागरिक सुविधाओं को प्रभावित करता है। नगर निगम नागरिकों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने व्यापारियों से अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखने तथा सार्वजनिक मार्ग एवं नाला पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण करने वालों को पहले भी लगातार समझाइश दी जाती रही है, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध अब सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। भविष्य में भी निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सामान जब्ती, अर्थदंड एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन द्वारा शहरवासियों से शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाने के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *