खरसिया में चोरों का बढ़ता आतंक , पखवाड़े भर में चार वारदातों ने बढ़ाई चिंता

■ गिरोह की धरपकड़ और रात की गश्त तेज करने की मांग
रायगढ । जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खरसिया नगर में चोरों की लगातार बढ़ती सक्रियता ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। महज 15 दिनों के भीतर चोरी की चार वारदातों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी दुकान का ताला टूट रहा है तो कभी सार्वजनिक स्थान पर खड़ा वाहन चोरों के निशाने पर आ रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पुलिस प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। चेम्बर के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने खरसिया चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर चोर गिरोह पर शिकंजा कसने और रात्रिकालीन पुलिस गश्त मजबूत करने की मांग की है।
★ 15 दिन, चार वारदातें और व्यापारियों की बढ़ती चिंता
चेम्बर की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में चोरी की चार घटनाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। इनमें अंजोरीपाली स्थित किराना दुकान में चोरी, स्टेट बैंक के समीप से संजय अग्रवाल की स्कूटर चोरी, नरेश ट्रेडर्स में रात के समय चोरी तथा विनय एजेंसी में हुई चोरी की वारदात शामिल है। लगातार एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं ने व्यापारियों को अपनी दुकानों और संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित कर दिया है।
★ रात 8 बजे बाजार बंद, 10:30 बजे बाद सड़कों पर सन्नाटा
व्यापारियों ने पुलिस को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि ठंड बढ़ने के कारण अब अधिकांश व्यापारी रात करीब 8 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद कर घर लौट जाते हैं। वहीं रात 10:30 बजे के बाद नगर में आम लोगों की आवाजाही भी काफी कम हो जाती है। व्यापारियों का मानना है कि इसी समय का फायदा उठाकर चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में रात्रिकालीन गश्त की केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संवेदनशील समय और इलाकों में प्रभावी पुलिस मौजूदगी सुनिश्चित करना जरूरी है।
★ पुलिस के प्रयासों की सराहना, लेकिन चोरों पर अंकुश जरूरी
ज्ञापन में व्यापारियों ने एसडीओपी के कार्यभार संभालने के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों और रात्रिकालीन गश्त की सराहना भी की है। हालांकि, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए उन्होंने पुलिस से निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने का आग्रह किया है।
★ चोरों की पहचान हो, चोरी का माल बरामद हो
चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चारों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। साथ ही चोरी गए सामान और वाहन की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई हो तथा नगर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों, दुकानों और सुनसान इलाकों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए। व्यापारियों का कहना है कि बाजार बंद होने के बाद पुलिस की नियमित निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई से ही चोरों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। अब व्यापारिक जगत की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
