बरतापाली जंगल में नर हाथी की मौत के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, स्निफर डॉग के जरिये पहुंचे अपराधियों तक

■ नयागांव के चार ग्रामीण वन विभाग की गिरफ्त में, वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
■ 29 नवंबर को न्यायालय में होंगे पेश
रायगढ़ । धरमजयगढ़ वन मंडल के बरतापाली जंगल में नर हाथी की मौत के मामले में वन विभाग ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल पर जांच के दौरान स्निफर डॉग की मदद से मिले अहम सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी ग्राम नयागांव के निवासी हैं। हाथी की मौत के मामले में वन विभाग की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
धरमजयगढ़ वन मंडलाधिकारी सत्यदेव शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के ग्राम बरतापाली स्थित कक्ष क्रमांक 437 में 27 नवंबर को एक नर हाथी का शव मिला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल जांच शुरू की। मौत के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए घटनास्थल सहित आसपास के जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान डॉग स्क्वाड की मदद भी ली गई।
जांच के दौरान स्निफर डॉग से मिले सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम ने ग्राम नयागांव के चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय भगत (28), पिता घनानंद भगत, जयानंद भगत (47), पिता दुर्योधन भगत, राम दयाल (38), पिता चिंताराम सिदार तथा भगवानो भगत (50), पिता मंगलू भगत शामिल हैं।
वन विभाग ने चारों आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी आरोपियों को 29 नवंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। हालांकि, हाथी की मौत की परिस्थितियों और उसमें आरोपियों की कथित भूमिका से जुड़े विस्तृत तथ्यों का खुलासा न्यायालयीन प्रक्रिया एवं आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
