मुसीबत में मददगार बनने से लेकर नेतृत्व तक, स्काउट-गाइड शिविर में निखर रहे बच्चों के हुनर

■ नन्हे कदम, बड़े संकल्प: सेवा और समर्पण के संस्कार सीख रहे केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थी
रायगढ़ । नन्हे हाथों में सेवा का संकल्प, मन में अनुशासन की भावना और कुछ नया सीखने का उत्साह। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रायगढ़ में आयोजित दो दिवसीय स्काउट-गाइड परीक्षण शिविर में बच्चों का यही उत्साह देखने को मिला। 27 एवं 28 नवंबर को आयोजित प्रथम एवं द्वितीय सोपान शिविर में 65 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर सेवा, समर्पण, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के व्यावहारिक गुर सीखे।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को स्काउट एवं गाइड आंदोलन के मूल सिद्धांतों और परंपराओं से परिचित कराया गया। उन्हें स्काउट प्रतिज्ञा, नियमावली, आदर्श वाक्य, स्काउट-गाइड ध्वज तथा ध्वज शिष्टाचार की जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, विभिन्न प्रकार की गांठें लगाने, अनुशासन, टीम भावना और आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों की सहायता करने जैसे जीवनोपयोगी कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षक के रूप में श्रीमती गीता सिंह द(एएलटीज), श्रीमती यामिनी देवांगन (एडवांस गाइड कैप्टन) एवं रामेश्वर पटेल (कब मास्टर एवं एचडब्ल्यूबी ) ने विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने न केवल स्काउट-गाइड की परंपराओं और नियमों को समझा, बल्कि उन्हें व्यवहार में उतारने का भी अभ्यास किया।
★ किताबी ज्ञान के साथ जीवन की चुनौतियों से मुकाबले की तैयारी
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी. के. सारंगी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना था। समूह आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आपसी सहयोग, सामूहिक निर्णय लेने और विपरीत परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक कार्य करने की सीख दी गई।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने प्राथमिक उपचार की बुनियादी प्रक्रियाओं, विभिन्न प्रकार की गांठें बनाने और ध्वज शिष्टाचार का व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया। वहीं, स्काउट प्रतिज्ञा एवं नियमावली के जरिए नैतिक मूल्यों, कर्तव्यनिष्ठा और दूसरों की मदद करने की भावना को आत्मसात किया। इन गतिविधियों ने बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक रूप से काम करने के कौशल को भी प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. पी. के. सारंगी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में स्काउट एवं गाइड गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को व्यक्तित्व निर्माण के लिए उपयोगी बताया।
दो दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और सीखने के प्रति उत्साह ने आयोजन को सफल बनाया। यह पहल इस बात का संदेश भी देती है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना और उनमें दूसरों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा एवं समर्पण के संस्कार विकसित करना भी है।