आगजनी, राहत शिविर, घायलों के रेस्क्यू और आपातकालीन बचाव कार्यों का किया गया अभ्यास

■ जिले में आपात स्थिति से निपटने सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित

रायगढ़ । जिले में आपात परिस्थितियों के दौरान नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आज नगर सेना कैंप, चांदमारी में नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के तहत मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें नगर सेना, जिला प्रशासन, पुलिस, एनसीसी, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान अलग-अलग आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्यवाही, बचाव कार्य और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा एवं आपात स्थितियों से निपटने के लिए विभागीय तैयारियों को मजबूत करना और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
मॉक ड्रिल में साप्ताहिक बाजार में आपात स्थिति, राहत शिविर तथा सार्वजनिक स्थान पर आग लगने जैसी परिस्थितियों के मॉडल तैयार कर अभ्यास किया गया। इस दौरान आग बुझाने, प्रभावित लोगों को बाहर निकालने, घायलों का रेस्क्यू करने और उन्हें राहत शिविर तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने बताया कि सिविल डिफेंस के अंतर्गत 12 प्रकार की प्रमुख सेवाओं को शामिल किया गया है। इन सेवाओं के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा, बचाव और राहत कार्य किए जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया बेहद महत्वपूर्ण होती है। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह अभ्यास किया गया कि आपात स्थिति उत्पन्न होने पर किस प्रकार तत्काल कार्यवाही करते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकाला जाए और समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जाएं। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री ब्लासियुस कुजूर ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की भूमिका और उनकी कार्यप्रणाली को समझने में मदद मिलती है। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जरूरत के समय त्वरित गति से राहत एवं बचाव कार्य करने की क्षमता मजबूत होती है। इस अवसर पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *