निगरानी बदमाश फिर चढ़ा घरघोड़ा पुलिस के हत्थे, 24 घंटे में चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद

■  घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वाहन चोरी का खुलासा, फरार साथी की तलाश जारी

आदतन वाहन चोर है पकड़ा गया आरोपी, घरघोड़ा पुलिस ने एक और वाहन चोरी के अपराध में भेजा जेल

घरघोडा । एसएसपी  शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर घरघोड़ा पुलिस ने थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में मोटर साइकिल चोरी के मामले में महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना क्षेत्र के निगरानी बदमाश महेश पैंकरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटर साइकिल और रेडमी कंपनी का मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं और उसे जेल भेजा जा चुका है। इस कार्रवाई से एक बार फिर घरघोड़ा पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के विरुद्ध अपनी सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग का परिचय दिया है। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बसंत राठिया (37 वर्ष) निवासी फुलीकुण्डा, थाना लैलूंगा ने 23 जुलाई 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 29 जून 2026 को खाद लेने घरघोड़ा आया था। उसने अपनी मोटर साइकिल क्रमांक CG-13-UA-3703 जैन पंडा के घर के सामने खड़ी की थी। बाइक के हैंडल में टंगे झोले में उसका रेडमी कंपनी का मोबाइल भी रखा था। कुछ देर बाद लौटने पर मोटर साइकिल और मोबाइल दोनों गायब मिले। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 234/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। वाहन चोरी को थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। शीघ्र ही सूचना मिली कि क्षेत्र का निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की बाइक के साथ घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी महेश पैंकरा (34 वर्ष) निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी विकास चौहान निवासी चुहकीमार के साथ मिलकर बाइक एवं मोबाइल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटर साइकिल और लगभग ₹20,000 कीमत का रेडमी मोबाइल बरामद कर जप्त किया गया। सहआरोपी विकास चौहान फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महेश पैंकरा थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और बाइक चोरी के मामलों में पहले भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। उल्लेखनीय है कि घरघोड़ा पुलिस ने एक दिन पहले भी उसे बाइक चोरी के एक अन्य प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक उद्धोराम पटेल एवं आरक्षक हरीश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गई संपत्ति 24 घंटे के भीतर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है, जबकि फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।

👉🏻 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश *"अपराधियों का आपराधिक इतिहास चाहे जितना पुराना हो, रायगढ़ पुलिस की सतर्क निगरानी और त्वरित कार्रवाई से वे कानून से बच नहीं सकते। वाहन चोरी जैसी घटनाओं में पुलिस हर मामले का गंभीरता से अनुसंधान कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित कर रही है।"*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *