शराब के नशे में टंगिया से वारकर उतारा मौत के घाट

■सरपंच के घर शिकायत करने जा रहे 65 वर्षीय पिता पर पीछे से किया हमला
■ सिर और पीठ पर किए ताबड़तोड़ वार , हत्यारा बेटा हिरासत में
रायगढ़ । शराब की लत और पारिवारिक विवाद ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानीसागर में शराब पीकर घर पहुंचे बेटे को पिता की समझाइश इतनी नागवार गुजरी कि उसने टंगिया से हमला कर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार होने की फिराक में लगे आरोपी बेटे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
घटना 24 नवंबर की रात की है। पुलिस के अनुसार, ग्राम रानीसागर निवासी राजकुमार गिरी (36) शराब के नशे में रात करीब 8:30 बजे घर पहुंचा था। इस पर उसके पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी (65) ने उसे समझाइश देते हुए कहा कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, परिवार के पास खर्च चलाने तक के पैसे नहीं हैं, इसके बावजूद वह रोज शराब पीकर घर आ जाता है। पूजा-पाठ के दिन दी गई पिता की यह समझाइश बेटे को नागवार गुजरी और वह उनसे मारपीट करने लगा।
इसके बाद रात करीब 9 बजे श्रवण गिरी अपनी पत्नी के साथ घटना की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से टंगिया लेकर पहुंचे राजकुमार ने सरपंच के घर के गेट के पास उन्हें रोक लिया। शिकायत करने जाने की बात पर गुस्साए बेटे ने पिता के सिर पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से श्रवण गिरी जमीन पर गिर पड़े, लेकिन आरोपी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। उसने सिर और पीठ पर भी टंगिया से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
★ घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। मृतक की पत्नी श्रीमती शैलेन्द्र गिरी (62) की रिपोर्ट पर थाना खरसिया में आरोपी राजकुमार गिरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 604/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता ( बीएनएस ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार होने की फिराक में लगे आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा आरोपी को शीघ्र न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
★ नशे की लत और पारिवारिक विवाद गंभीर अपराधों की वजह : एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने घटना को अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद और नशे की लत किस तरह गंभीर अपराधों का रूप ले सकती है, यह घटना उसका उदाहरण है। शराब के नशे में आपा खोकर अपने ही पिता की हत्या करना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने समाज से नशे से दूर रहने, पारिवारिक विवादों को संवाद और समझदारी से सुलझाने तथा विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है और आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
