देश की सबसे बड़ी पानी की कंपनी बिसलेरी पर FSSAI ने मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

■ कंपनी का कहना है – ये मामला 14 महीने पुराना है

रायगढ़ । एक समय था जब किसी मेहमान के आने पर सबसे पहले कुएं से पानी निकाला जाता था। ताजा, ठंडा, मिट्टी की सोंधी गंध लिए हुए। कोई नहीं पूछता था कि पानी शुद्ध है या नहीं, क्योंकि पानी का अर्थ ही शुद्धता था, फिर धीरे-धीरे एक नई भाषा आई। टेलीविजन पर, अखबार में, होर्डिंग पर बताया जाने लगा कि कुएं का पानी पिछड़ा है, हैंडपंप का पानी गँवारों का है, जो समझदार है वो बोतल का पानी पीता है। हमने इसे विकास समझा, आधुनिकता समझा। हमने अपने ही पानी पर शक करना सीख लिया।

असल में ये पानी की लड़ाई कभी थी ही नहीं, ये सोच की लड़ाई थी। कुएं वाला आदमी हँसी का पात्र बना दिया गया, बोतल वाला आदमी स्मार्ट बना दिया गया। हमने अपने कुएं सुखा दिए, हैंडपंप उखाड़ दिए, और अपनी प्यास को एक कंपनी के हवाले कर दिया। हमें लगा, अब हम सुरक्षित हैं, अब हम शुद्ध पानी पी रहे हैं समाज में इज्जत बढ़ गई।

कितनी अजीब बात है कि जिस पानी को धरती ने खुद शुद्ध किया था, उसे ही अशुद्ध कह दिया गया। बारिश का पानी जब जमीन पर गिरता है, तो वो सीधे कुएं में नहीं आता। वो मिट्टी की लेयर से गुजरता है, फिर रेत की लेयर से, फिर पत्थर की लेयर से, फिर कंकड़ की लेयर से। प्रकृति ने करोड़ों साल में ऐसा फिल्टर बनाया है, जिसे कोई फैक्ट्री नहीं बना सकती। मिट्टी उसकी गंदगी सोख लेती है, रेत उसे छान देती है, पत्थर उसे ठंडा कर देते हैं, और नीचे जाकर वो पानी निर्मल हो जाता है। यही पानी हमारे कुएं में आता था, यही पानी हैंडपंप से निकलता था। पर हमने इस प्राकृतिक शुद्धता को अशुद्ध कह दिया, और फिर हजारों करोड़ का प्लांट लगाकर उसी पानी को मशीनों से शुद्ध करने का धंधा शुरू कर दिया।

जो काम मिट्टी, रेत और पत्थर मुफ्त में कर रहे थे, उसी काम के लिए अब बड़े-बड़े प्लांट लगे, बड़ी-बड़ी मशीनें आईं, बड़े-बड़े विज्ञापन आए। पानी को पहले बदनाम किया गया, फिर उसे बोतल में बंद करके बेचा गया। शुद्धता को धंधा बना दिया गया। प्यास को बाजार बना दिया गया। हमें समझाया गया कि बिना प्लांट के पानी पीने लायक नहीं है, जबकि सच ये था कि प्लांट के बिना भी पानी हजारों साल से पीने लायक था।

और अब वही शुद्धता सवालों के घेरे में है। देश की सबसे बड़ी पानी की कंपनी बिसलेरी पर FSSAI ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है, क्योंकि उसका पानी का सैंपल दो बार टेस्ट में फेल हो गया है। पहली जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली और उसे असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी ने आपत्ति की तो सैंपल रेफरल लैब में भेजा गया, वहां भी पानी असुरक्षित पाया गया, इस बार उसमें PAHs नाम के कैंसर पैदा करने वाले तत्व मिले। सबसे बड़ी बात ये है कि ये सैंपल बाजार से नहीं, खुद कंपनी के परिसर से उठाया गया था।

सवाल यह है कि अगर बोतल का पानी भी जांच में फेल हो सकता है, तो फिर कुएं के पानी को गँवार कहने का हक किसने दिया था। हमें अपनी उस सोच से बाहर आना होगा जिसमें हमने अपने ही संसाधनों को नीचा दिखाकर बाहर के उत्पाद को महान बना दिया।

कंपनी ने अपील की तो सैंपल रेफरल लैब भेजा गया।
वहां भी सैंपल असुरक्षित पाया गया, इस बार PAHs नाम का केमिकल मिला।
ब्रोमेट और PAHs दोनों को कैंसर से जुड़ा केमिकल माना जाता है।

इसी के बाद 22 नवंबर 2026 को FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी।

अब बिसलेरी का भी पक्ष भी जान लीजिए।
कंपनी का कहना है – ये मामला 14 महीने पुराना है।
सितंबर 2025 में गोवा प्लांट के एक बैच का है।
उस दिन लिए गए 6 में से 5 सैंपल पास हुए थे, सिर्फ 1 फेल हुआ था।
और कंपनी का कहना है – हमारा पानी पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।
तो सवाल ये है –
क्या एक सैंपल फेल होने से पूरी कंपनी का पानी असुरक्षित हो जाता है?
या FSSAI की ये कार्रवाई सही है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *