नशे में वाहन चलाने वाले 6 चालक पकड़े गए, सड़क सुरक्षा अभियान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा

■ 631 वाहन चालकों पर कार्रवाई, रायगढ़ पुलिस ने वसूला करीब 4 लाख का चालान
रायगढ़ । यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 631 वाहन चालकों पर शिकंजा कसा। जिलेभर में चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के दौरान करीब 4 लाख रुपये का चालान किया गया, जबकि शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालक पुलिस के हत्थे चढ़े। इनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर 22 नवंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, ट्रिपल सवारी, मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन, बिना बीमा तथा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव सहित यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
एसएसपी ने हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते आंकड़ों पर नाराजगी जताते हुए सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने के साथ यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया था। इसके बाद जिलेभर में चेकिंग अभियान तेज किया गया।
★ यातायात पुलिस ने सबसे ज्यादा कार्रवाई की
एक दिवसीय अभियान में यातायात पुलिस रायगढ़ ने सर्वाधिक 165 वाहन चालकों पर कार्रवाई की। तमनार में 101, धरमजयगढ़ में 74, छाल में 33, लैलूंगा में 31, भूपदेवपुर में 27, सिटी कोतवाली में 26, जूटमिल में 25, खरसिया और कापू में 23-23, कोतरारोड़ में 22, घरघोड़ा में 20, पुसौर में 19, चक्रधरनगर में 14 तथा पूंजीपथरा में 8 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दस्तावेज दुरुस्त रखने तथा नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई है।
