सांस्कृतिक मंच पर रायगढ़ के केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों का जलवा, समूह नृत्य में संकुल विजेता

■ एकल अभिनय में जिज्ञासा एन. सारथी द्वितीय और चित्रकला में वंदना पटेल तृतीय स्थान पर
■ कबड्डी में टीम ने हासिल किया चौथा स्थान
रायगढ़ । सांस्कृतिक मंच पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरते हुए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रायगढ़ के विद्यार्थियों ने संकुल स्तरीय सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर संकुल विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं एकल अभिनय में जिज्ञासा एन. सारथी ने द्वितीय तथा चित्रकला में वंदना पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने चतुर्थ स्थान हासिल किया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जांजगीर में 20 नवंबर को आयोजित संकुल स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, समूह गान, एकल अभिनय एवं चित्रकला जैसी विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने निर्णायकों एवं दर्शकों को प्रभावित किया और टीम को प्रथम स्थान दिलाया। एकल अभिनय में जिज्ञासा एन. सारथी ने अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि चित्रकला में वंदना पटेल ने अपनी रचनात्मकता के दम पर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में आयोजित संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यालय की कबड्डी टीम ने कड़े मुकाबलों के बीच अनुशासन, सामूहिक समन्वय एवं खेल भावना का परिचय दिया। संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए टीम चतुर्थ स्थान पर रही।
विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों में शिक्षक जय प्रकाश बैरागी, सरिता कुशवाहा, ऋतु पांडेय, अंजुम, मनोज कुमार पटेल एवं योग प्रशिक्षक हिमाचल नायक का विशेष योगदान रहा। शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, निरंतर प्रोत्साहन एवं समर्पित प्रयासों से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.के. षडंगी एवं प्रधानाध्यापक रामेश्वर पटेल ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
