रॉक गार्डन बोतल्दा में युवती से दो युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट, दोनों आरोपी गिरफ्तार

■  खरसिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

■ युवती के मित्र को डंडे से मारकर किया बेहोश, फिर युवती को डरा-धमकाकर किये दुष्कर्म

■  वारदात में प्रयुक्त डंडा, वीडियो बनाने वाला आईफोन और लूट की रकम बरामद, हत्या का प्रयास, लूट, और गैंग रेप की गंभीर धाराओं पर कार्यवाही

रायगढ़ । जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रॉक गार्डन बोतल्दा में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। युवती की लिखित शिकायत पर खरसिया पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों राहुल पटेल और फनेश्वर प्रसाद पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवती के मित्र के साथ डंडे से मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया और फिर युवती को डरा-धमकाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर धमकी दी थी। पीड़िता के आवेदन के अनुसार, दिनांक 14 नवंबर 2026 को वह अपने गांव से एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन सक्ती जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों घूमते हुए दोपहर में खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा पहुंच गए। इसी दौरान गार्डन में सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से दो युवक आए और उन्हें डरा-धमकाने लगे। आरोपियों ने युवती के मोबाइल में रखे 1,200 रुपये तथा उसके मित्र से 10,000 रुपये लूट लिए। इसके बाद डंडे से युवक के सिर एवं शरीर पर वार कर उसे बेहोश कर दिया। युवक के बेहोश होने पर दोनों आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। कुछ समय बाद जब युवक को होश आया तो आरोपियों ने दोनों का वीडियो बनाया और घटना के संबंध में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता द्वारा घटना की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया। एसएसपी ने तत्काल एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव एवं थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देश पर खरसिया पुलिस की टीम ने बोतल्दा में स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश की, संदेहियों के फोटो युवती को भेज कर आरोपियों की पुष्टि की गई और दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर घटना का पुनर्निर्माण भी कराया गया। पूछताछ एवं आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल से घटना का वीडियो बनाने में प्रयुक्त आईफोन मोबाइल तथा लूट की रकम में से 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं आरोपी राहुल पटेल से 3,000 रुपये एवं वारदात में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया। आरोपियों के मोबाइल की जांच में अन्य युवतियों के फोटो एवं वीडियो भी मिले हैं, जिनके संबंध में पुलिस जांच कर रही है। आरोपी राहुल पटेल पिता खुलेश्वर पटेल उम्र 21 वर्ष निवासी बोतल्दा थाना खरसिया, शारडा कंपनी डभरा में और दूसरा आरोपी फनेश्वर प्रसाद पटेल पिता कुसुम प्रसाद पटेल उम्र 20 वर्ष निवासी बोतल्दा, SKY कंपनी चपले में लेबर काम करता है। खरसिया पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 597/2026 में धारा 109, 309(6), 70 बीएनएस के तहत दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर रिमांड पर भेजा गया है ।

वर्सन 

महिलाओं एवं युवतियों के विरुद्ध अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

*शशिमोहन सिंह , एस एस पी रायगढ़*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *