धरमजयगढ़ में प्रचार रथ को ओपी ने दिखाई हरी झंडी, गली-गली पहुंचेगा बिरसा मुंडा के गौरव का संदेश

धरमजयगढ़ । भगवान बिरसा मुंडा के जन्मोत्सव पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को लेकर प्रचार-प्रसार अब तेज हो गया है। आज वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच रथ को रवाना किया गया। प्रचार रथ के संबंध में जिला महामंत्री विकास केडिया और जतिन साव ने जानकारी देते हुए कहा कि यह प्रचार रथ धरमजयगढ़ और लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जनजातीय गौरव दिवस से जुड़ी जानकारी साझा करेगा।

15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी का आगमन हो रहा है। यह रथ इस आयोजन की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएगा। इसके साथ ही यह रथ भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से जुड़े प्रेरक संस्मरणों, उनके संघर्ष और बलिदान की गाथा को भी गांव-गांव तक पहुंचाएगा।इस दौरान ओपी चौधरी बोले ने भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए कहा आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ने वाले भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आज की राजनीति में भी पूरी तरह प्रासंगिक है। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान के लिए जो लड़ाई लड़ी, वह आज भी हम सबको दिशा देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बिरसा मुंडा के जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर एक भूले हुए इतिहास को सामने लाने का ऐतिहासिक प्रयास किया है।
ओपी चौधरी ने सभी लोगों से 15 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के समक्ष भगवान बिरसा मुंडा के योगदान का पुण्य स्मरण कर सकें।
इनकी रही मौजूदगी

इस दौरान क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, बिलासपुर संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिला प्रभारी प्रशांत ठाकुर, जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान, नगर पंचायत धरमजयगढ़ अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *