बांसाझार में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य ईनामी रथ यात्रा,

■ विधायक लालजीत सिंह राठिया ने की पूजा-अर्चना, हजारों श्रद्धालुओं संग खींचा रथ
घरघोड़ा । ग्राम बांसाझार में भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन ईनामी रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य रूप से आयोजित की गई। रथ यात्रा में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री लालजीत सिंह राठिया विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा समूचे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की।
रथ यात्रा के दौरान पूरा ग्राम “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़ ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया। महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए भगवान के रथ को खींचकर अपने जीवन को धन्य माना।
इस अवसर पर विधायक श्री लालजीत सिंह राठिया ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा हमारी सनातन संस्कृति, आस्था, सामाजिक समरसता और जनकल्याण का महान प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से समूचे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और विकास का मार्ग सदैव प्रशस्त हो तथा सभी नागरिक स्वस्थ, खुशहाल और उन्नति के पथ पर अग्रसर रहें।
रथ यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, ग्रामवासियों एवं हजारों श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में अनुशासन, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के अवसर पर विधायक श्री लालजीत सिंह राठिया ने समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए भगवान से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, वैभव और खुशहाली की कामना की।









