रायगढ़ – कोरबा सीमा पर जुए का साम्राज्य ध्वस्त , 90 लाख की गाड़ियां समेत नगदी जब्त

■ मेला बना खुडखुडिया जुए का अड्डा, पुलिस की दबिश में 33 जुआरी गिरफ्तार
रायगढ । जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत छाल पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे ग्राम धसकामुड़ा में संचालित जुए के पांच फड़ों पर एक साथ दबिश देकर 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई में पुलिस ने करीब 90 लाख रुपये मूल्य की सात चारपहिया गाड़ियां, ₹57,140 नकद, 5 गैस लाइट तथा खुडखुडिया जुआ खेलने की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि धसकामुड़ा मेला स्थल के बाहर बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुए का संचालन हो रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की गई। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर जुआ खेल रहे और खिला रहे 33 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्रों के निवासी हैं, जो धसकामुड़ा के बाहरी हिस्से में एकत्र होकर लंबे समय से बड़े स्तर पर खुडखुडिया जुआ खेल रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक किआ और एक ऑल्टो कार सहित लगभग 90 लाख रुपये मूल्य के वाहन जब्त किए। इसके अलावा जुआ फड़ से ₹57,140 नकद, 5 गैस लाइट और जुआ सामग्री भी बरामद की गई।
छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा-6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान सहित छाल थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।








