रेलवेकर्मी के पेट में मारा चाकू ,आंत बाहर निकली, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

10 हजार रुपए नहीं देने पर युवकों ने किया हमला

रायगढ़ । जिले के किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे एक रेलवे पोर्टर पर 10 हजार रुपए नहीं देने पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में पोर्टर के पेट में गंभीर चोट लगी और उसकी आंत बाहर निकल आई। गंभीर हालत में उसे पहले जिंदल अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद जीआरपी ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश जारी है।

जीआरपी के मुताबिक, किरोड़ीमल नगर निवासी विजय पाठक (32) रेलवे में पोर्टर के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक उनकी ड्यूटी किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर थी। इसी दौरान क्षेत्र के रहने वाले पंकज सिंह, कालिया और एक अन्य युवक वहां पहुंचा।पीड़ित के अनुसार, तीनों ने उससे 10 हजार रुपए की मांग की। रुपए नहीं होने की बात कहने पर वे गाली-गलौज करने लगे और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पंकज सिंह ने चाकू निकालकर विजय के पेट में वार कर दिया।

आंत बाहर निकली, गंभीर हालत में अस्पताल रेफर

चाकू का वार इतना गहरा था कि विजय की आंत बाहर निकल आई। उसकी उंगली में भी चोट लगी। घायल की चीख-पुकार सुनकर स्टेशन पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल विजय को पहले जिंदल अस्पताल और शुरुआती इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घटना की शिकायत पर जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 121(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी पंकज सिंह को किरोड़ीमल नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।

जीआरपी बोली- जल्द पकड़े जाएंगे बाकी आरोपी

जीआरपी थाना प्रभारी बी.आर. बोर्झा ने बताया कि, रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान पोर्टर पर चाकू से हमला किया गया था। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *