खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन का सशक्त माध्यम:जवाहर नायक

■ लेंध्रा में श्री राधामाधव अंतर्राज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आगाज
■  खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन को उमड़ा जनसैलाब
■ ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय पहचान का मंच- जगन्नाथ पाणिग्राही

बरमकेला/सारंगढ़ । ग्राम पंचायत लेन्धरा के सरपंच लखपति भोय  एवं दीपक चौधरी के नेतृत्व एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा ग्रामवासियों की सहयोग से खेल भावना, उत्साह और रोमांच से सराबोर वातावरण में श्री राधामाधव अंतर्राज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ लेन्ध्रा में संपन्न हुआ। अंतर्राज्यीय स्तर की इस प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष  जगन्नाथ पाणिग्राही एवं पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विधिवत फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, खेलप्रेमी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य द्वय डॉ. अभिलाषा नायक एवं श्रीमती सहोद्रा सिदार उपस्थित रहीं। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत बरमकेला अध्यक्ष डॉ .विद्या किशोर चौहान,लेन्धरा मंडल भाजपा अध्यक्ष श्रीमती शारदा मालाकार,वरिष्ठ नेता चक्रधर पटेल,पूर्व मंडल अध्यक्ष भूतनाथ पटेल,जिला भाजपा मंत्री श्रीमती विलास सारथी,जिला भाजपा सह कोषाध्यक्ष मोहन पटेल,जिला भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी चूड़ामणि पटेल,भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राधामोहन पाणिग्राही,महामंत्री दयाराम चौधरी सहित जोतराम पटेल,राजकिशोर पाणिग्राही, भोजराम पटेल,भाजयुमो अध्यक्ष राकेश पटेल,हिमांशु पटेल,नारायण भोय व बाबूलाल पटेल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
★ खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास का करते हैं निर्माण
सरपंच लखपति भोय और दीपक चौधरी के साथ आयोजन समिति के अन्य पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण खेल परंपरा की पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की अंतरराज्यीय प्रतियोगिताएं ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
★ भोपाल और सारंगढ़ के बीच हुआ रोमांचक उद्घाटन मुकाबला
उद्बोधन के पश्चात अतिथियों ने टॉस कर प्रतियोगिता के पहले मुकाबले का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच भोपाल एवं सारंगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। रोमांचक मुकाबले में भोपाल की टीम ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में शानदार आगाज किया।
★ ग्रामीण खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की सराहनीय पहल
श्री राधामाधव अंतर्राज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को अंतरराज्यीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों के उत्साह और आयोजन समिति की सक्रियता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *