धनेली में एनएच-30 के पास मिला फ्लाई ऐश का विशाल भंडार, पर्यावरण पर दुष्प्रभाव

■ एनटीपीसी लारा पर पर्यावरण मंडल का शिकंजा, 5 हजार टन फ्लाई ऐश के अवैध भंडारण का आरोप

■ 3 दिन में मांगा जवाब , प्रति टन 1500 रुपये के हिसाब से 75 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति का नोटिस

रायगढ़ । औद्योगिक प्रदूषण और फ्लाई ऐश के निपटान को लेकर एक बार फिर एनटीपीसी लारा परियोजना की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने धनेली क्षेत्र में भारी मात्रा में फ्लाई ऐश के अव्यवस्थित भंडारण को गंभीरता से लेते हुए एनटीपीसी लारा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मंडल ने संस्थान से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 75 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित करने की चेतावनी दी गई है।

पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा 25 नवंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 4465 के अनुसार, 18 नवंबर को मंडल के रसायनज्ञ एवं प्रभारी रसायनज्ञ ने धनेली क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान धनेली पुल के पास एनएच-30 के समीप (अक्षांश 21.342662, देशांतर 81.649467) बड़े पैमाने पर अव्यवस्थित ढंग से फ्लाई ऐश का भंडारण पाया गया।

★ 200 हाईवा में करीब 5 हजार टन राख का भंडार

निरीक्षण के दौरान मौके पर लगभग 200 हाईवा फ्लाई ऐश जमा होने का आकलन किया गया। एक हाईवा में औसतन 25 टन राख के हिसाब से इसकी कुल मात्रा करीब 5 हजार टन बताई गई है। मौके पर मिले ट्रक क्रमांक सीजी 06 एचबी 2413 के बिल एवं चालान की जांच में इस फ्लाई ऐश का स्रोत एनटीपीसी लारा संस्थान पाया गया। मंडल ने अपने नोटिस के साथ मौके के फोटोग्राफ और संबंधित बिल-चालान की प्रतियां भी संलग्न की हैं।

★प्रति टन 1500 रुपये, कुल 75 लाख की क्षतिपूर्ति

मंडल ने अपने नोटिस में कहा है कि बिना अनुमति इतनी बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश का अव्यवस्थित भंडारण फ्लाई ऐश यूटिलाइजेशन नोटिफिकेशन 2021 के प्रावधानों का उल्लंघन है। इसी आधार पर NTPC लारा से जवाब तलब करते हुए पूछा गया है कि 5 हजार टन फ्लाई ऐश के लिए 1500 रुपये प्रति टन की दर से कुल 75 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति क्यों न अधिरोपित की जाए।

★ अब एनटीपीसी के जवाब पर टिकी निगाहें

मंडल ने एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख को तीन दिवस के भीतर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। अब महत्वपूर्ण सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश एनएच-30 के समीप किसकी अनुमति से जमा की गई? इसके परिवहन, भंडारण और अंतिम उपयोग की निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या फ्लाई ऐश के सुरक्षित निस्तारण से जुड़े निर्धारित प्रावधानों का पालन किया गया?

फिलहाल पर्यावरण संरक्षण मंडल का नोटिस जारी होना एनटीपीसी लारा के लिए गंभीर जवाबदेही का विषय बन गया है। अब संस्थान के स्पष्टीकरण और मंडल की आगामी कार्रवाई से स्पष्ट होगा कि इस मामले में 75 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति वास्तव में अधिरोपित होती है या नहीं ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *