शादी का झांसा देकर युवती से बनाए शारीरिक संबंध, बाद में शादी से मुकरा और जान से मारने की दी धमकी

■ युवती का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार
■ महिला थाना की टीम ने खरसिया क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा, न्यायिक रिमांड पर भेजा
रायगढ़ । शादी का प्रलोभन देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से मुकरने और जान से मारकर फेंक देने की धमकी देने वाले आरोपी सागर पटेल को महिला थाना रायगढ़ की टीम ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 नवंबर 2026 को 20 वर्षीय युवती ने महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह आरोपी सागर पटैल को काफी पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उसे पसंद करने और शादी करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद युवती भी उसे पसंद करने लगी। युवती ने जब परिजनों द्वारा इस रिश्ते पर सहमति नहीं देने की बात आरोपी को बताई, तब दिनांक 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन शादी करने की बात कहकर उसे ट्रेन से बिलासपुर ले गया, जहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपी के घर पर रहने लगी। मामले की जानकारी युवती के परिजनों को होने पर उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने के लिए आरोपी से बातचीत की, लेकिन वह लगातार टालमटोल करने लगा। बाद में आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार करते हुए अधिक दबाव बनाने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। युवती की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 69, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खरसिया रवाना किया गया। टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर महिला थाना की टीम ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
