अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने वाली पत्रकार ने खुद मांगा सुरक्षा का भरोसा

■कथित मारपीट, अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना से सहमी महिला पत्रकार ने प्रेस क्लब का खटखटाया दरवाजा
■ पुलिस शिकायत के बाद अब न्याय और परिवार की सुरक्षा की गुहार
रायगढ़ । दूसरों के साथ होने वाले अन्याय, उत्पीड़न और अव्यवस्थाओं को अपनी कलम के जरिए आवाज देने वाली एक महिला पत्रकार आज खुद अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। खबरों के माध्यम से समाज के सवाल उठाने वाली पत्रकार पूजा जायसवाल को अब अपने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा के लिए गुहार लगानी पड़ रही है। अपने साथ कथित मारपीट, अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्होंने रायगढ़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत थवाईत को लिखित आवेदन सौंपकर न्याय की लड़ाई में सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाने की मांग की है।
9 नवंबर को सौंपे गए आवेदन में पूजा जायसवाल ने गायत्री केसरवानी, उनके परिवार तथा अन्य सहयोगियों पर पूर्व नियोजित तरीके से मारपीट, अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में उन्होंने घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम से वह स्वयं और उनका परिवार असुरक्षा की आशंका से घिरा हुआ है। उनका कहना है कि मामले में पुलिस से लिखित शिकायत करने के साथ मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। इसके बावजूद उनकी प्राथमिक चिंता अब अपनी और परिवार की सुरक्षा तथा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित कराने की है।
★पुलिस में शिकायत, अब प्रेस क्लब से न्याय की उम्मीद
महिला पत्रकार ने प्रेस क्लब अध्यक्ष को सौंपे आवेदन में पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संस्थागत सहयोग की अपेक्षा जताई है। उनका आग्रह है कि एक महिला पत्रकार के साथ हुई कथित घटना को महज व्यक्तिगत विवाद मानकर नजरअंदाज न किया जाए। मामले की निष्पक्ष जांच हो, शिकायत के तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय हो और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही परिवार की सुरक्षा को लेकर उनकी आशंकाओं पर भी गंभीरता से ध्यान दिया जाए।
★कलम की स्वतंत्रता के साथ पत्रकारों की सुरक्षा भी जरूरी
यह मामला केवल दो पक्षों के बीच विवाद या एक शिकायत तक सीमित नहीं है, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े व्यापक सवाल भी खड़े करता है। समाज की समस्याओं और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने वाले पत्रकार यदि स्वयं असुरक्षा महसूस करने लगें तो यह चिंता का विषय है। विशेषकर महिला पत्रकारों के मामले में ऐसी शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनना और बिना किसी पूर्वाग्रह के निष्पक्ष जांच कराना जरूरी है। किसी भी आरोप की सत्यता जांच से ही स्थापित होगी, लेकिन शिकायतकर्ता की सुरक्षा संबंधी आशंकाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और आरोपित पक्ष का पक्ष सामने आना शेष है। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शिकायत के आधार पर जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और महिला पत्रकार को अपनी तथा परिवार की सुरक्षा को लेकर कितना भरोसा मिल पाता है।