26.39 करोड़ से बदलेगा खर्रा घाट का स्वरूप, 8.30 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन

■ न्यू शनि मंदिर तक 2 किमी मरीन ड्राइव का होगा कायाकल्प, पाथवे-प्रकाश और ड्रेनेज से बढ़ेगी सुविधा


■ सेवा ही संकल्प अभियान में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शुभारंभ, शहरवासियों ने किया श्रमदान

रायगढ़ । शहर के ऐतिहासिक खर्रा घाट और केलो नदी तट को नया स्वरूप देने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। एनटीपीसी के सीएसआर मद से 26 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से खर्रा घाट में 8.30 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित करने तथा खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक करीब दो किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के सुदृढ़ीकरण, उन्नयन और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने पूजा – अर्चना कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान सेवा ही संकल्प अभियान के तहत शहरवासियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश भी दिया।

विकास कार्य पूर्ण होने के बाद खर्रा घाट और मरीन ड्राइव क्षेत्र को हरित, मनोरंजक एवं नागरिकों के लिए सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। नदी किनारे विकसित होने वाला यह क्षेत्र शहरवासियों के लिए सुबह-शाम सैर, मनोरंजन और प्राकृतिक वातावरण के बीच समय बिताने का नया स्थान बन सकेगा।

दो किमी मरीन ड्राइव में पाथवे, प्रकाश और ड्रेनेज

परियोजना के तहत खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक करीब दो किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ पाथवे, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज और आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
इससे नदी तट का क्षेत्र अधिक व्यवस्थित और आकर्षक होगा। प्रकाश व्यवस्था होने से रात के समय भी मरीन ड्राइव क्षेत्र रोशन रहेगा।

8.30 एकड़ में ऑक्सीजोन, हरित क्षेत्र को मिलेगा विस्तार

खर्रा घाट में करीब 8.30 एकड़ भूमि पर ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में पर्यावरण संरक्षण के साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजोन और हरित क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है।

उन्होंने सिंदूर पार्क, दूध डेयरी, किसान राइस मिल, पहाड़ मंदिर, नगरवन उर्दना और कोसाबाड़ी सहित विभिन्न स्थानों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में करीब आठ ऑक्सीजोन के निर्माण या विकास की दिशा में कार्य चल रहा है। आने वाले समय में इनकी संख्या 10 से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। इन क्षेत्रों को बड़े गार्डन और हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

‘स्वच्छता एक दिन की गतिविधि नहीं’

वित्त मंत्री ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को शहर के विकास और स्वच्छता से जुड़ना चाहिए। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत खर्रा घाट में श्रमदान के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया गया है, लेकिन स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की जीवनदायिनी नदी है। इसके घाटों की स्वच्छता और संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। करीब तीन माह पहले खर्रा घाट के विकास की योजना पर काम शुरू किया गया था और अब ऑक्सीजोन तथा मरीन ड्राइव के विकास का काम जमीन पर शुरू हो गया है।

नालंदा परिसर से स्टेडियम तक विकास को गति

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव, पुलिया, फोरलेन सड़क, सामुदायिक भवन और विभिन्न सड़कों के निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। मिनी स्टेडियम और रायगढ़ स्टेडियम के उन्नयन से युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बजट एवं पूर्व में की गई घोषणाओं के अनुरूप शासकीय संगीत महाविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में शहर के सभी वर्गों और युवाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 100 से अधिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात भी उन्होंने कही।

स्वच्छता का संदेश लेकर पहुंचा ‘अप्पू राजा’

सेवा ही संकल्प अभियान के कार्यक्रम में नगर निगम का स्वच्छता प्रतीक ‘अप्पू राजा’ भी आकर्षण का केंद्र रहा। अप्पू राजा ने लोगों से हाथ मिलाकर ‘स्वच्छ रायगढ़, सुंदर रायगढ़’ का संदेश दिया। बच्चों और बड़ों ने उसके साथ सेल्फी लेकर स्वच्छता संदेश को यादगार बनाया।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी अप्पू राजा से हाथ मिलाया और उसके माध्यम से दिए जा रहे स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देशन में करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अप्पू राजा को रायगढ़ की स्वच्छता के प्रतीक के रूप में तैयार किया गया था। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया था। तब से यह स्वच्छता, जनभागीदारी और स्वच्छ शहर के संकल्प का आकर्षक माध्यम बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *