घोटालों पर पर्दा डालने के लिए आदिवासी अस्मिता का इस्तेमाल न करें भूपेश बघेल – राठिया

■ रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया का पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मुंह तोड़ जवाब
रायगढ़ । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने पलटवार करते हुए कहा कि जिनके अपने कार्यकाल का इतिहास घोटालों से भरा हो, उन्हें दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आईना देखना चाहिए। सांसद राठिया ने कहा कि आजादी के बाद छत्तीसगढ़ में ऐसा पहला मुख्यमंत्री देखा गया है जिसका 5 साल का कार्यकाल उपलब्धियों की बजाय घोटालों की वजह से याद रखा जाएगा ।श्री राठिया ने कहा, भूपेश की सत्ता के दौरान सबसे करीबी लोग ही जेल गए।भूपेश बघेल जी बताएं कि उनके सत्ता में रहते उनके निज सचिव, कलेक्टर, आबकारी मंत्री और खुद उनके बेटे तक घोटालों के आरोप में जेल जा चुके हैं। जिस आबकारी घोटाले में प्रदेश की जनता का पैसा लूटा गया, उसी में आपके आबकारी मंत्री कवासी लखमा जी आज जेल में हैं। उस समय आप मौन साधकर बैठ गए थे। आदिवासी समाज के एक बड़े नेता के सम्मान को दांव पर लगाकर आप चुप्पी साध गए। पूर्व मुख्यमंत्री के “आदिवासी विरोधी” वाले आरोप पर सांसद राठिया ने कहा कि भाजपा से आदिवासी समाज को भय नहीं, बल्कि गर्व है। आप आदिवासी हित की बात करते हैं। प्रदेश की जनता जानना चाहती है 70 साल में कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए क्या किया? क्या कांग्रेस ने कभी किसी दलित को राष्ट्रपति की कुर्सी तक पहुंचाया? क्या कभी किसी आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया? भाजपा की सरकार ने आदिवासियों के हित के लिए सबसे बड़ा कदम उठाते हुए न केवल अलग राज्य बनाया बल्कि आदिवासी मुख्मंत्री विष्णु देव साय को बनाया उनकी सरलता सहजता की वजह से बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस भयभीत है। आज देश के सर्वोच्च पद पर एक आदिवासी महिला बैठी हैं। और छत्तीसगढ़ में भी पहली बार एक आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने आदिवासी अस्मिता को सम्मान दिया है। इसी से आप भयभीत हैं।सांसद राठिया ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार आदिवासी दिवस, तिरंगा यात्रा और पंचायतों में चुनाव जैसे मुद्दों पर काम कर रही है। जनता को गुमराह करने के लिए कांग्रेस सिर्फ बयान बाजी कर रही है।छत्तीसगढ़ की जनता सब जानती है। घोटालों के कीचड़ में सने हाथों से तिरंगे को छूने की कोशिश मत कीजिए। प्रदेश को अब विकास चाहिए, बयानबाजी नहीं।








