अयोध्या धाम की यात्रा करने वाले 981 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान

■ किसी का जीवनभर का सपना हुआ पूरा, किसी को मिला रामलला का आशीर्वाद ,ओपी चौधरी बोले—प्रभु श्रीराम का जीवन संघर्ष और मर्यादा की प्रेरणा
रायगढ़ । किसी ने पहली बार अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन किए, तो किसी का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ। श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थयात्रा करने वाले जिले के 981 वरिष्ठ नागरिकों का संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित समारोह में सम्मान किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने वरिष्ठजनों को श्रीरामचरित मानस पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट कर सम्मानित किया। सुंदरकांड पाठ और सामूहिक हनुमान चालीसा के वाचन से कार्यक्रम भक्तिमय हो उठा।
■ प्रभु श्रीराम का जीवन मानवता के लिए आदर्श : ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्य, संघर्ष, सेवा और मर्यादा की प्रेरणा देता है। 14 वर्ष का वनवास स्वीकार कर उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने आदर्शों से समझौता नहीं किया। उनका जीवन सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोच के साथ समाज के हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध है।
चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना दोबारा शुरू की गई, वहीं श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या में रामलला के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने छत्तीसगढ़ में एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने के अपने संकल्प का भी उल्लेख किया।
■ एक साल में सात चरणों में कराई गई तीर्थयात्रा
अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच श्री रामलला दर्शन योजना के तहत छह चरणों और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत एक चरण में यात्रा कराई गई। इससे लाभान्वित 981 वरिष्ठ नागरिकों में ग्रामीण क्षेत्र के 861 और शहरी क्षेत्र के 120 श्रद्धालु शामिल हैं।
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सरकारी योजनाओं से वरिष्ठ नागरिकों का अयोध्या धाम जाने का सपना पूरा हुआ है। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल ने भी सरकार के प्रति आभार जताया।
तीर्थयात्रा से लौटे वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के दर्शन उनके जीवन का यादगार पल रहा। उन्होंने यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं के लिए सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। सुंदरकांड पाठ करने वाले दल तथा जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे और उनकी टीम को भी सम्मानित किया गया।




