दैनिक ‘भास्कर’ की खबर पर बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल का एतराज, 3 दिन में खंडन की मांग


रायगढ़ । दैनिक भास्कर समाचार पत्र में प्रकाशित एक खबर को लेकर रायगढ़ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कारोबारी उमेश अग्रवाल ने कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से प्रकाशित खबर को तथ्यहीन बताते हुए इसका खंडन किया है और समाचार पत्र से तीन दिनों के भीतर खंडन एवं क्षमा-याचना प्रकाशित करने की मांग की है।
दरअसल, 19 अगस्त को प्रकाशित खबर में रायगढ़ के जोरापाली स्थित जगदम्बा ट्रेलर्स में सेंट्रल जीएसटी टीम की कार्रवाई और कारोबारी लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जाने का उल्लेख किया गया है। खबर में उमेश अग्रवाल के नाम का भी उल्लेख होने पर उन्होंने आपत्ति जताई है।
उमेश अग्रवाल ने अपने फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया कि उनके नाम का उल्लेख दुर्भावनापूर्वक उन्हें भयादोहन और बदनाम करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने प्रकाशित समाचार का खंडन करते हुए कहा कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर समाचार पत्र के मुख्य पृष्ठ पर उनकी संतुष्टि के अनुरूप उक्त समाचार का खंडन और क्षमा-याचना प्रकाशित नहीं की जाती है, तो वे संविधान एवं कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए दैनिक भास्कर के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई करेंगे। उन्होंने अपने पोस्ट को प्रथम सूचना के रूप में भी लेने की बात कही है।
उमेश अग्रवाल ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि उनके परिवार द्वारा संचालित जगदम्बा ट्रेलर्स से संबंधित खबर को लेकर उन्होंने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। हालांकि, सेंट्रल जीएसटी की कार्रवाई और उसके वास्तविक तथ्यों को लेकर विभाग की ओर से आधिकारिक स्थिति सामने आना अभी बाकी है।
गौरतलब है कि उमेश अग्रवाल रायगढ़ भाजपा में जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं और वर्तमान में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जुड़े हुए हैं। वे कारोबारी गतिविधियों के लिए भी जाने जाते हैं। जगदम्बा ट्रेलर्स के माध्यम से ट्रेलर एवं ट्राली निर्माण के क्षेत्र में उनका कारोबार संचालित होता है।
उमेश अग्रवाल की ओर से खबर के खंडन और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद अब इस मामले में दैनिक भास्कर की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सबकी नजर है।
