शहीद विप्लव के नाम पर शुरु होगा छग अलंकरण सम्मान — साय

रायगढ। दो साल पहले मणिपुर मे उग्रवादी हमले मे पत्नी और सात वर्षीय मासूम बच्चे के साथ शहीद हुए रायगढ के आर्मी जवान विप्लव त्रिपाठी के नाम पर नगर के मिनी स्टेडियम का नामकरण होने के उपरांत 2 फरवरी को स्टेडियम परिसर मे शहीद कर्नल विप्लव की स्थापित प्रतिमा का अनावरण प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों किया गया। इस मौके पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनो की मंशा के अनुरुप विप्लव त्रिपाठी के स्मृति में प्रदेश मे अलंकरण सम्मान शुरु करने का आश्वासन दिया। सीएम विष्णुदेव ने कहा कि कर्नल विप्लव त्रिपाठी की शहादत का पूरा देश ऋणी है। नगर के शहीद परिवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने कर्नल विप्लव त्रिपाठी के फ्रीडम फाईटर दादाजी एवं रायगढ लोकसभा के पहले मनोनित सांसद स्व. किशोरी मोहन त्रिपाठी को याद करते हुए त्रिपाठी परिवार की तीन पीढियों की समर्पित राष्ट्र सेवा को नमन किया। साथ ही स्टेडियम के अलावा कर्नल विप्लव के नाम पर नगर के पुस्तकालय का भी नामकरण करने के नगर विधायक की घोषणा का समर्थन किया। विष्णुदेव साय ने रायगढ लोकसभा के चार पंचवर्षीय संसदीय कार्यकाल को याद कर रायगढ की जनता को अपना परिवार बताते हुए विधानसभा मे बीजेपी को लीड दिलाने पर आभार व्यक्त किया। सीएम ने विधायक व वित्त मंत्री ओपी चौधरी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि रायगढ की तमाम विकास योजनाएं समय पर और प्राथमिकता के साथ पूरा करना हम दोनों का संकल्प है। इस दौरान शहीद विप्लव त्रिपाठी के माता – पिता , व परिवारजन समेत भारतीय सेना के आला अफसर , जशपुर कुमार प्रबल प्रताप जूदेव , पूर्व नगर विधायक विजय अग्रवाल समेत भाजपा के पदाधिकारी मंचस्थ रहे। इस मौके पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री को मणिपुर की शाल व थाई प्रतीक चिन्ह भेंट स्वरुप प्रदान किया गया।