हनुमान चालीसा से संगठन शक्ति तक, हिंदू एकजुटता के नये अभियान का शंखनाद

■ हिंदू समाज को सुरक्षित, स्वावलंबी और संगठित बनाना लक्ष्य, हर जरूरत में साथ खड़ा होगा संगठन : प्रवीण तोगड़िया

■ अन्न से सुरक्षा तक हिंदुओं की मदद के लिए देशव्यापी नेटवर्क तैयार कर रहा एएचपी

रायगढ़ । हिंदू समाज की एकजुटता केवल नारों से नहीं, बल्कि सेवा, सुरक्षा, स्वावलंबन और संगठन की मजबूत व्यवस्था से सुनिश्चित होगी। हिंदू परिवार के सामने भोजन से लेकर स्वास्थ्य, रोजगार, कानूनी सहायता और सुरक्षा तक कोई भी चुनौती हो, उसके समाधान के लिए समाज को संगठित शक्ति के रूप में खड़ा होना होगा। यह बात अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक एवं प्रख्यात चिकित्सक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने मंगलवार को रायगढ़ प्रवास के दौरान कही। उन्होंने कहा कि करीब पांच दशकों से सनातन संस्कृति की रक्षा और हिंदू समाज को संगठित करने का उनका अभियान अब ‘अब हिंदू ही आगे’ संकल्प के साथ व्यापक स्वरूप ले रहा है। उनका जोर हिंदू समाज को सामाजिक, आर्थिक और संगठनात्मक रूप से इतना सक्षम बनाने पर है कि संकट की किसी भी परिस्थिति में उसे अकेला न रहना पड़े।

भगवानपुर के समीप डॉ. तोगड़िया का ढोल-ताशों और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। अपने संबोधन में डॉ. तोगड़िया ने हिंदू समाज के सामने मौजूद चुनौतियों, संगठन की भूमिका और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से अपनी बात रखी।

★ हिंदू परिवार के लिए भोजन से लेकर सुरक्षा तक सहायता का नेटवर्क

डॉ. तोगड़िया ने कहा कि हिंदू समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसका सामाजिक और आर्थिक बिखराव है। केवल धार्मिक पहचान के आधार पर समाज मजबूत नहीं हो सकता, इसके लिए प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक सहायता और सहयोग पहुंचाने की व्यवस्था जरूरी है। इसी उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के माध्यम से भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा, समृद्धि, कानूनी सलाह, रोजगार और सम्मान जैसे विषयों पर एक साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन में चिकित्सकों, विभिन्न व्यवसायों के विशेषज्ञों और सेवाभावी लोगों को जोड़ा गया है। जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन भी शुरू की गई है। उनका दावा है कि देश के किसी भी हिस्से में सहायता चाहने वाला हिंदू परिवार इस माध्यम से संगठन तक पहुंच सकता है और उसे यथाशीघ्र सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। अन्न सहायता अभियान के तहत सक्षम परिवारों से मुट्ठीभर अनाज एकत्र कर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है।

★युवाओं का प्रशिक्षण और समाज की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

हिंदू समाज की सुरक्षा के विषय पर उन्होंने कहा कि संगठन युवाओं को शारीरिक एवं युद्धाभ्यास संबंधी प्रशिक्षण देने की दिशा में काम कर रहा है। प्रशिक्षित प्रशिक्षकों के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को तैयार किया जा रहा है, ताकि विपरीत परिस्थितियों में वे समाज की सुरक्षा और सहायता के लिए सक्षम भूमिका निभा सकें। डॉ. तोगड़िया ने कहा कि संगठित समाज ही अपनी अस्मिता, संस्कृति और सम्मान की रक्षा कर सकता है। उनका मानना है कि सामाजिक एकता के साथ अनुशासन, साहस और सेवा भावना का विकास भी उतना ही आवश्यक है।

★ विहिप से अलग हुए, लेकिन संघ और भाजपा से संवाद कायम

मीडिया से चर्चा में डॉ. तोगड़िया ने विश्व हिंदू परिषद से अलग होने के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विहिप और भाजपा के साथ अपने संबंधों पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेदों के बावजूद इन संगठनों के साथ उनके संबंध मधुर हैं और आवश्यकता पड़ने पर पदाधिकारियों से संवाद होता रहता है। हिंदुत्व के नाम पर होने वाली राजनीति पर उन्होंने असहमति जताते हुए कहा कि हिंदुत्व को राजनीतिक लाभ का माध्यम बनाने के बजाय उसके मूल सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने धर्मांतरण और हिंदू समाज में बढ़ते विभाजन पर चिंता व्यक्त करते हुए विभिन्न समुदायों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

भारत के हिंदू राष्ट्र बनने के सवाल पर उन्होंने दृढ़ विश्वास जताया। इस दौरान उन्होंने अपने प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा करने संबंधी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा भी सार्वजनिक रूप से व्यक्त की।

★ हनुमान चालीसा पाठ से गांव-मोहल्लों में बनेगा एकजुटता का केंद्र

हिंदू समाज को एक साझा मंच पर लाने के लिए डॉ. तोगड़िया ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की विशेष पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘अब हिंदू ही आगे’ अभियान के तहत प्रत्येक शनिवार अथवा मंगलवार को रात 8 से 9 बजे तक गांवों, मोहल्लों और कॉलोनियों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने का आह्वान किया जा रहा है। उनका कहना है कि हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से धार्मिक आस्था को सामाजिक एकजुटता का माध्यम बनाया जा सकता है। ऐसे केंद्र समाज के लोगों को नियमित रूप से एकत्रित होने, आपसी संवाद बढ़ाने और सेवा गतिविधियों से जुड़ने का अवसर देंगे। उन्होंने संगठन शक्ति को हिंदू समाज की सुरक्षा, सुख-समृद्धि और सम्मान का आधार बताया।

★ बांग्लादेश के हिंदुओं के समर्थन में कठोर कदमों की पैरवी

बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हुई घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. तोगड़िया ने वहां के हिंदुओं के समर्थन में आवाज बुलंद करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने विरोध प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए भारत से पड़ोसी देश को होने वाली आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति रोकने जैसे कदमों पर विचार करने की बात कही। वहीं देश के भीतर किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों की जायज मांगों का समर्थन करने तथा उनके समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के समक्ष प्रभावी हस्तक्षेप की आवश्यकता भी बताई।

★ धर्म और संस्कार के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

डॉ. प्रवीण तोगड़िया के रायगढ़ प्रवास में हिंदू समाज की सुरक्षा, सामाजिक सहयोग, सांस्कृतिक चेतना और संगठन विस्तार का एजेंडा प्रमुखता से सामने आया। उनके संबोधन का मूल भाव था कि समाज की मजबूती केवल संख्याबल से नहीं, बल्कि जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े होने की सामर्थ्य से तय होती है।

अपने संबोधन में डॉ. तोगड़िया ने हिंदू परिवारों से धार्मिक आस्था को दैनिक जीवन के संस्कारों का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने माता-पिता की सेवा और सम्मान, मस्तक पर तिलक, गले में रुद्राक्ष अथवा तुलसी की माला, प्रतिदिन सूर्य को अर्घ्य, मंदिर दर्शन, गौग्रास और संध्याकाल में दीप प्रज्ज्वलन जैसे संस्कार अपनाने की बात कही। इसके साथ ही समय पर भोजन, पौष्टिक आहार, नमक और शक्कर का सीमित उपयोग तथा जन्मदिन पर पौधरोपण करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *