शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय में नए अध्याय का आगाज, प्रथम बैच का हुआ अभिनंदन

व्■ हाइट कोट सेरेमनी में विद्यार्थियों ने ली चिकित्सा सेवा की जिम्मेदारी निभाने की प्रतीकात्मक दीक्षा

■ ज्ञान-कौशल और संवेदना के मंत्र से किया गया प्रेरित

रायगढ़ । शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, रायगढ़ की शैक्षणिक यात्रा का एक नया अध्याय शुरू हुआ। महाविद्यालय के प्रथम बैच के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में बुधवार को भव्य प्रवेशोत्सव एवं इंडक्शन सेरेमनी का आयोजन किया गया। अस्पताल के लेक्चर हॉल में आयोजित इस गरिमामय समारोह में विद्यार्थियों को न केवल चिकित्सा शिक्षा की बारीकियों से परिचित कराया गया, बल्कि उन्हें एक कुशल चिकित्सकीय पेशेवर के साथ संवेदनशील इंसान बनने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण व्हाइट कोट सेरेमनी रही, जिसमें विद्यार्थियों को एप्रन पहनाकर उनके चिकित्सा क्षेत्र के नए सफर का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संतोष कुमार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. डी.एस. पटेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रफुल्ल बानी, नोडल अधिकारी डॉ. अनिमेष कुर्रे, एनाटॉमी विभाग की डॉ. ऋचा गुरुदिवान, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सोफिया नूर, डॉ. ऋतु शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और प्रथम बैच के विद्यार्थियों की सरस्वती वंदना से हुआ।

★ ज्ञान, कौशल और संवेदना से बनेगा बेहतर फिजियोथेरेपिस्ट

प्राचार्य डॉ. प्रफुल्ल बानी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए फिजियोथेरेपी शिक्षा के महत्व, व्यावसायिक जिम्मेदारियों और महाविद्यालय की स्थापना की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को Knowledge, Skills और Empathy अर्थात ज्ञान, कौशल एवं मानवीय संवेदना के तीन मूल मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि एक सफल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। व्यावहारिक दक्षता के साथ मरीजों की पीड़ा को समझने और उनके प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण रखना भी अनिवार्य है।

★ दूसरों को आत्मनिर्भर बनाने का पेशा है फिजियोथेरेपी

डीन डॉ. संतोष कुमार ने फिजियोथेरेपी को निराशा में आशा की नई किरण बताते हुए कहा कि बीमारी, दुर्घटना अथवा शारीरिक अक्षमता के कारण जब व्यक्ति का आत्मविश्वास कमजोर पड़ने लगता है, तब फिजियोथेरेपी उसके जीवन में नई उम्मीद जगाती है। यह चिकित्सा पद्धति लोगों को दोबारा चलने-फिरने, सामान्य गतिविधियां करने और आत्मनिर्भर जीवन जीने की क्षमता हासिल करने में मदद करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस पेशे की गरिमा और सामाजिक जिम्मेदारी को समझने का आह्वान किया।

★ अनुशासन और सम्मान से मिलेगी पेशेवर पहचान

मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. डी.एस. पटेल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता और दूसरों के प्रति सम्मान को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान के साथ सकारात्मक व्यवहार, अनुशासित जीवनशैली और मानवीय मूल्यों का विशेष महत्व है। वहीं डॉ. पूजा साहू ने फिजियोथेरेपी के व्यापक कार्यक्षेत्र, विभिन्न चिकित्सा विधाओं में इसकी उपयोगिता और भविष्य में उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी दी।

व्★ हाइट कोट पहनकर शुरू की पेशेवर यात्रा

समारोह का सबसे खास और भावनात्मक क्षण व्हाइट कोट सेरेमनी रहा। इस दौरान प्रथम बैच के विद्यार्थियों को एप्रन पहनाकर चिकित्सा शिक्षा और मरीजों की सेवा के प्रति उनकी नई जिम्मेदारियों का प्रतीकात्मक बोध कराया गया। प्रारंभिक क्लिनिकल शिक्षा के प्रतीक के रूप में विद्यार्थियों को Percussion Hammer भी प्रदान किया गया। इस पहल ने विद्यार्थियों में अपने पेशे के प्रति गर्व, उत्साह और जिम्मेदारी का भाव पैदा किया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रथम बैच का हिस्सा होने के नाते उनके आचरण, मेहनत और उपलब्धियों से ही आने वाले समय में महाविद्यालय की शैक्षणिक पहचान और परंपराएं आकार लेंगी। इसलिए उन्हें निरंतर अध्ययन, अभ्यास और नैतिक मूल्यों के साथ योग्य एवं संवेदनशील फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए प्रेरित किया गया।

अंत में नोडल अधिकारी डॉ. अनिमेष कुर्रे ने अतिथियों, विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों, अधिकारियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। रायगढ़ में फिजियोथेरेपी शिक्षा के इस नए संस्थागत अध्याय को स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *