द्वितीय डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में जुटेंगे दो प्रांतों के लायंससेवा संगम- सेवा संगठन सौहार्द का होगा महा कुंभ

■ रायगढ़ में दो दिवसीय आयोजन, 150 से अधिक क्लबों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
■ ‘सेवा संगम’ में सामाजिक विकास, सेवा गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर होगा मंथन
रायगढ़ । लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-C की द्वितीय कैबिनेट कॉन्फ्रेंस ‘सेवा संगम’ का आयोजन आगामी 14 एवं 15 नवंबर को रायगढ़ में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय आयोजन में छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश के 150 से अधिक लायंस क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल होंगे।
रायगढ़ की पावन धरा पर आयोजित इस सम्मेलन में सेवा, सामाजिक विकास एवं जनकल्याण के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन सत्र आयोजित होंगे, जिनमें लायंस सदस्यों को संगठनात्मक गतिविधियों, नेतृत्व क्षमता तथा सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन रिपुदमन सिंह अपनी संपूर्ण डिस्ट्रिक्ट टीम के साथ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रथम सीनियर वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन पवन मलिक (सतना) एवं द्वितीय सीनियर वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन अनिल अग्रवाल (भिलाई) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
उल्लेखनीय है कि लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-C के अंतर्गत छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश के लायंस क्लबों की वर्षभर में चार कैबिनेट बैठकें आयोजित होती हैं। इनमें से द्वितीय कैबिनेट कॉन्फ्रेंस की मेजबानी का गौरव इस वर्ष लायंस क्लब रायगढ़ मिड टाउन एवं समस्त लायंस परिवार रायगढ़ को प्राप्त हुआ है।


कार्यक्रम संयोजक लायन सुनील रामदास ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन में सत्र 2026-27 के शेष सात महीनों की सेवा गतिविधियों एवं संगठनात्मक योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही अब तक किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा कर आगामी लक्ष्यों पर चर्चा होगी। वर्षभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्लबों एवं सेवा टीमों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संगम’ केवल एक संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि दो राज्यों के लायंस सदस्यों के बीच सेवा, समर्पण, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा गतिविधियों का विस्तार करने के लिए नई दिशा एवं ऊर्जा प्राप्त होगी।
रायगढ़ में आयोजित यह सम्मेलन निश्चित रूप से लायंस सेवा गतिविधियों को नई गति देने के साथ-साथ दोनों राज्यों के लायंस परिवार के बीच आपसी समन्वय एवं संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ करेगा।
