जिले के सातों विकासखंडों के लोक नृत्य दलों ने मंच पर बिखेरे संस्कृति के रंग, पारंपरिक वेशभूषा और लोक वाद्ययंत्रों ने बांधा समां

■ मांदर की थाप पर थिरका रायगढ़, कर्मा की लय में जीवंत हुई जनजातीय संस्कृति की अनूठी छटा

■ विजेता दलों पर पुरस्कारों की बारिश

रायगढ़ । कहीं मांदर की गूंज तो कहीं पैरों की थिरकन, कहीं पारंपरिक लोकगीतों की मधुर धुन तो कहीं रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे कलाकारों का सामूहिक नृत्य। मंच पर जैसे ही कर्मा की लय शुरू हुई, पूरा माहौल जनजातीय संस्कृति के रंगों में रंग गया। तालियों की गूंज और दर्शकों के उत्साह के बीच रायगढ़ का संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम जनजातीय लोक कलाओं के एक भव्य उत्सव का गवाह बना। अवसर था जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव-2026 का, जहां जिले के सातों विकासखंडों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन किया।

यह महज एक सांस्कृतिक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, परंपराओं और जनजातीय अस्मिता को उत्सव के रूप में जीने का अवसर था। कलाकारों की एक-एक प्रस्तुति में लोकजीवन की झलक, सामूहिकता का भाव और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति दिखाई दी। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और कदमों की एकरूपता ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

★ जब मंच पर उतरी लोक संस्कृति, हर प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और वीरांगना रानी दुर्गावती सहित महापुरुषों के छायाचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। राष्ट्रगीत और राज्यगीत के सामूहिक गायन से समारोह की शुरुआत हुई। इसके बाद लोक कलाकारों ने मंच संभाला तो ऑडिटोरियम में उत्सव का रंग और गहरा होता चला गया।

सातों विकासखंडों से आए कर्मा नृत्य दलों को अपनी प्रस्तुति के लिए 15-15 मिनट का समय दिया गया। इस दौरान कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य शैली और लोक वाद्ययंत्रों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। हर दल की प्रस्तुति में अपनी अलग पहचान और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला।

★ मोहनीपुरी चंवरपुर ने मारी बाजी, कोटरीमाल का दल भी अव्वल

प्रतियोगिता के रोमांच के बीच लैलूंगा विकासखंड के मोहनीपुरी चंवरपुर कर्मा लोक नृत्य दल ने पहला स्थान हासिल कर 50 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। घरघोड़ा के आमापाली (बहिरकेला) दल को दूसरा स्थान मिला, जिसे 25 हजार रुपये प्रदान किए गए। धरमजयगढ़ के भंडारीपारा कर्मा पार्टी सिथरा ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 15 हजार रुपये और तमनार के जय मां कर्मा सेनी कर्मा नृत्य मंडली मौहापाली ने चौथा स्थान हासिल कर 10 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया।

इसी तरह शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में घरघोड़ा विकासखंड की आदि शक्ति कर्मा पार्टी कोटरीमाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लैलूंगा के कर्मा आदिवासी लोक नृत्य दल खेड़आमा दूसरे, धरमजयगढ़ के मां लक्ष्मी कर्मा पार्टी भुंडीबहरी तीसरे, खरसिया के गेढ़ी नृत्य कर्मा पार्टी छिरपानी चौथे और रायगढ़ विकासखंड के बसंत विश्वकर्मा दल डोंगीतराई पांचवें स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थानों पर रहे दलों को क्रमशः 21 हजार, 11 हजार और 5 हजार 100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

★ संस्कृति के साथ प्रतिभा का भी सम्मान

महोत्सव का आकर्षण केवल लोकनृत्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा। जनजातीय समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी मंच पर आमंत्रित कर प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। एक ओर पारंपरिक लोक कलाओं को प्रोत्साहन मिला तो दूसरी ओर शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान हुआ। इसने आयोजन को सांस्कृतिक उत्सव के साथ प्रतिभा सम्मान का स्वरूप भी दिया।

★ संस्कृति को बचाना है तो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना होगा

मुख्य अतिथि सर्व आदिवासी समाज के सचिव डॉ. बाल किशोर भगत ने कहा कि जनजातीय समाज की असली पहचान उसकी संस्कृति, संस्कार, बोली, भाषा, लोकगीत और लोकनृत्य हैं। आधुनिकता और उच्च शिक्षा के साथ आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी सांस्कृतिक जड़ों को भूलना नहीं चाहिए। छत्तीसगढ़ की 42 जनजातियों की अपनी विशिष्ट परंपराएं और कलात्मक विशेषताएं हैं। इनका संरक्षण कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू ने जनजातीय समाज को जय जोहार करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की विशिष्ट लोक संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। सामाजिक एकजुटता ही विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए जनजातीय समाज की उपलब्धियों को प्रेरणादायक बताया तथा 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला।

मांदर की थाप के साथ सजे इस सांस्कृतिक मंच ने एक बार फिर साबित किया कि लोक संस्कृति किसी संग्रहालय में रखी जाने वाली विरासत नहीं, बल्कि समाज की धड़कनों में आज भी जीवित परंपरा है। इसे मंच, सम्मान और नई पीढ़ी का साथ मिलता रहे, तो इसकी गूंज आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *