सैकड़ों विप्रजनों की मौजूदगी में रायगढ़ उत्कल ब्राह्मण समाज की बैठक संपन्न

■ 29 नवंबर की प्रदेश स्तरीय आमसभा में शामिल होने का सर्वसम्मति से निर्णय
घरघोड़ा । जिला उत्कल ब्राह्मण विकास संगठन एवं कल्याण समिति रायगढ़ की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक रविवार 22 नवंबर को घरघोड़ा स्थित जगन्नाथ भवन में सैकड़ों की संख्या में विप्रजनों की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में सामाजिक एकजुटता, संगठन की मजबूती और आगामी 29 नवंबर को सरायपाली में आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ उत्कल ब्राह्मण समाज की प्रदेश स्तरीय आमसभा में रायगढ़ जिले की व्यापक सहभागिता को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक का शुभारंभ भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी के जयघोष के साथ हुआ। सर्वप्रथम दयानंद पंडा को सभापति नियुक्त कर मंचासीन किया गया। जिलाध्यक्ष अरुण पंडा एवं जिला सचिव अशोक पंडा के नेतृत्व में बैठक की कार्यवाही संपन्न हुई, जबकि संचालन संजय पंडा ने किया।
बैठक में निर्धारित एजेंडे के अनुसार 29 नवंबर को सरायपाली में होने वाली प्रदेश स्तरीय आमसभा में रायगढ़ जिले से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने पर चर्चा हुई। उपस्थित सभी विप्रजनों ने एक स्वर में आमसभा में सहभागिता की सहमति दी तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। निर्णय के अनुसार सरायपाली जाने के लिए बस की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कारों की व्यवस्था भी की जाएगी।
यात्रा एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महिला एवं पुरुष प्रभारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई, जो विप्रजनों से सतत संपर्क बनाए रखेंगे। इनमें रायगढ़ से ब्रजकिशोर शर्मा,भूपेश पंडा, दीपक आचार्य, संजय रथ एवं श्रीमती संजुक्ता पंडा, घरघोड़ा से विद्याधर देवता,अशोक पंडा एवं श्रीमती विजया पंडा, लैलूंगा से भवानी पंडा एवं मनोज सतपथी तथा तमनार से प्रवीण शर्मा एवं आशीष मिश्रा हमीरपुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं दूसरे एजेंडे के अंतर्गत निर्माणाधीन उत्कल ब्राह्मण भवन के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष सत्यदेव शर्मा ने भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति से उपस्थित समाजजनों को अवगत कराया। इसके साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सभी विप्रजनों से सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अरुण पंडा ने कहा कि रायगढ़ उत्कल ब्राह्मण समाज ने अपने मजबूत संगठन और सामूहिक एकजुटता के बल पर पूरे छत्तीसगढ़ में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि संगठन में आपसी सामंजस्य और सहयोग की भावना सदैव बनी रहनी चाहिए तथा समाजहित के कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहने चाहिए। उन्होंने सभी विप्रजनों से 29 नवंबर की प्रदेश स्तरीय आमसभा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक दायित्वों की पूर्ति के लिए प्रत्येक सदस्य की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
बैठक में लिए गए निर्णयों से समाज की एकजुटता और संगठनात्मक सक्रियता को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।
उक्त जानकारी संगठन के मीडिया प्रभारी दीपक आचार्य ने दी।
