रासेयो शिविर के समापन पर कलेक्टर पद्मिनी भोई ने युवाओं की जिज्ञासाओं का किया समाधान

■ 76 की उम्र में भी प्रधानमंत्री मोदी की ऊर्जा बताती है, संकल्प के आगे उम्र बाधा नहीं—संजय भूषण पाण्डेय

■ एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों को सफलता और राष्ट्रसेवा का मंत्र

सारंगढ़ । उम्र केवल शरीर की अवस्था है, जबकि कार्यक्षमता, ऊर्जा और संकल्प व्यक्ति की सोच से तय होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 76 वर्ष की आयु में भी जिस सक्रियता, समर्पण और कार्यक्षमता के साथ राष्ट्रसेवा में जुटे हैं, वह युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण है। जीवन में सफलता पाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और उसे हासिल करने का जुनून महत्वपूर्ण है। यह संदेश जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष संघ छत्तीसगढ़ संजय भूषण पाण्डेय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन समारोह में विद्यार्थियों को दिया।

शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से संबद्ध शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सारंगढ़ की एनएसएस इकाइयों द्वारा आयोजित शिविर के समापन समारोह में जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, लक्ष्य निर्धारण, राष्ट्रसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी पर प्रेरक संवाद हुआ।

प्रधानमंत्री की कार्यक्षमता युवाओं के लिए प्रेरक उदाहरण

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संजय भूषण पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि 76 वर्ष की आयु में भी उनकी ऊर्जा, सक्रियता और राष्ट्र के प्रति समर्पण उन्हें सामान्य अर्थों में वृद्ध नहीं, बल्कि संकल्प और कर्मठता से भरे युवा व्यक्तित्व के रूप में प्रस्तुत करता है। उनकी कार्यक्षमता यह संदेश देती है कि उम्र कभी लक्ष्य प्राप्ति या राष्ट्र के लिए योगदान देने की सीमा नहीं बन सकती।

उन्होंने यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान क्रांति, स्वच्छ भारत अभियान और जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़े बदलाव दृढ़ संकल्प, स्पष्ट दृष्टिकोण और योजनाबद्ध प्रयासों से संभव होते हैं। देश में विकास एवं जनकल्याण की विभिन्न पहलों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है। भारत की विकास यात्रा और डिजिटल उपलब्धियां आज वैश्विक स्तर पर देश की पहचान मजबूत कर रही हैं।

लक्ष्य बड़ा हो, प्रयास ईमानदार और निरंतर

पाण्डेय ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता की शुरुआत अपने लक्ष्य को पहचानने से होती है। जीवन में क्या बनना है, यह स्पष्ट होने के बाद उसी दिशा में ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए। परिस्थितियां और संसाधन चुनौती बन सकते हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति एवं सकारात्मक सोच के सामने बाधाएं भी रास्ता छोड़ती हैं।

उन्होंने कहा कि जीवन की उपलब्धियों का मूल्य केवल पद, प्रतिष्ठा या व्यक्तिगत सफलता से नहीं आंका जाना चाहिए। ऐसी सफलता अधिक महत्वपूर्ण है, जिससे परिवार, समाज और राष्ट्र का हित जुड़ा हो। विद्यार्थियों को अपने जीवन का उद्देश्य ऐसा बनाने की प्रेरणा दी, जिससे उनके कार्य समाज के लिए उपयोगी साबित हों और देश का गौरव बढ़े।

कलेक्टर पद्मिनी भोई बेटियों के लिए प्रेरणा

जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई की उपस्थिति को महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बताते हुए संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि योग्यता, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान प्राप्त करना अपने आप में प्रेरणादायी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्हें अवसर, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का संबल मिले तो वे सफलता के शिखर तक पहुंच सकती हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों के बीच सहजता से पहुंचकर संवाद करने, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने और मार्गदर्शन देने के लिए कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

कलेक्टर पद्मिनी भोई ने छात्र-छात्राओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें खुलकर प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित किया। कुछ विद्यार्थियों ने आईएएस बनने की इच्छा व्यक्त कर मार्गदर्शन मांगा। कलेक्टर ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने की सीख दी।

सेवा और संस्कारों का पाठ पढ़ाता एनएसएस शिविर

सात दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां संचालित कीं। ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व बताया तथा विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान किया।

समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने सामाजिक जागरूकता एवं स्वच्छता संदेश पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति से सजी प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह भर दिया। उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

संजय भूषण पाण्डेय ने एनएसएस को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवाभाव विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए शिविर के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय परिवार, कार्यक्रम अधिकारियों, स्वयंसेवकों और सहयोगी ग्रामीणों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *