मोदी सरकार ने दिया जनजातीय समाज को सम्मान , बिरसा मुंडा का गौरव दिवस नई पीढ़ी को देगा प्रेरणा – रामविचार नेताम

■ दशकों से कांग्रेस द्वारा की गई उपेक्षा को दूर कर जनजातीय महापुरुषों की गाथा को घर -घर भाजपा ने पहुंचाया – केदार कश्यप
■ रायगढ़ के धर्मजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन हम सबका सौभाग्य – ओपी चौधरी
धरमजयगढ़ । जनजातीय गौरव दिवस समारोह 2026 के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री रामविचार नेताम और वन मंत्री केदार कश्यप वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित भाजपा नेताओं ने मीडिया को संयुक्त रूप से संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि दशकों से कांग्रेस द्वारा जनजातीय समाज की उपेक्षा की गई , लेकिन उस समाज को सम्मान देने का काम देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी ने किया है। मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि देश की आजादी के इतिहास में जनजातीय महापुरुषों के शौर्य और वीरता का उल्लेख नहीं होता था। जनजाति समाज के उन जननायकों की गाथाओं को लोगों तक पहुंचने नहीं दिया गया, तो आने वाली पीढ़ी कैसे जानेगी। आज हम जिस धरती पर बैठे हैं, इसी छत्तीसगढ़ की धरा पर शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह, शहीद गुंडाधूर जैसे अनेकों महापुरुषों ने जन्म लिया। उन्होंने अपने कार्यों और शौर्य से न केवल अपने राज्य को बल्कि देश को गौरवान्वित किया। देश की स्वतंत्रता के लिए, सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए और अपनी संस्कृति को समृद्ध बनाए रखने के लिए उनका संघर्ष अभूतपूर्व है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे अंतराल तक कांग्रेस पार्टी की सरकारें रहीं। देश में पहली बार यदि जनजाति कार्य मंत्रालय का गठन हुआ तो वह भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री माननीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के कारण हुआ। जनजाति समाज को भी आज अपने महापुरुषों की जीवन गाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का जो अवसर मिला है, वह प्रधानमंत्री जी ने दिया है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज यदि हम देश के संवैधानिक मुखिया की बात करें तो जनजातीय समुदाय की एक बेटी, जो वनांचल से निकलकर आई, आज राष्ट्रपति पद को सुशोभित कर रही हैं। यह हमारे लिए गौरव का विषय है। आज हमारे प्रदेश सहित तीन-तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के तीन-तीन आदिवासी मुख्यमंत्री सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में, ओडिशा में आदरणीय मोहन मांझी जी और अरुणाचल में माननीय मुख्यमंत्री श्री पेमा खांडू जी कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी ने बहुत सारी योजनाएं लाई हैं, जिनके माध्यम से जनजातीय समाज का शैक्षणिक विकास हो सके, सामाजिक रूप से सशक्त हो सके, आर्थिक रूप से मजबूत हो सके और कौशल उन्नयन हो सके। इसके लिए विभागों के माध्यम से लगातार काम चल रहा है। बस्तर और सरगुजा जो कभी बहुत पिछड़े हुए क्षेत्र के रूप में जाने जाते थे, आज वहां मेडिकल कॉलेज की स्थापना होती है, यूनिवर्सिटी की स्थापना होती है, एजुकेशन हब का निर्माण होता है, नए जिलों का निर्माण होता है और वन अधिकार का पत्र हमारे लोगों को प्राप्त होता है। यह भी भारतीय जनता पार्टी की बहुत बड़ी देन है। श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी ने विकसित भारत का जो संकल्प रखा है, जब आजादी के 100 साल पूरे होंगे 2047 में, तब छत्तीसगढ़ भी किसी भी मामले में पीछे न रहे, इसके लिए योजना बनाई है। लंबे अंतराल तक लगभग 50 वर्षों तक देश में सबसे अधिक नक्सलवाद कहीं रहा तो वह छत्तीसगढ़ रहा और छत्तीसगढ़ में भी सरगुजा और बस्तर में रहा। उस दंश को झेला और आज उस नक्सलवाद का खात्मा हुआ है तो वह यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दृढ़ संकल्प, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की योजना और सेना के जवानों के कारण हुआ है। आज उन्हीं क्षेत्रों में विपक्ष के लोग जाकर कहते हैं कि नक्सली उनके रोल मॉडल हैं। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे जनजातीय समुदाय ने कभी भी नक्सलियों को अपना रोल मॉडल नहीं माना है। जब सलवा जुडूम चल रहा था, तब बिना हथियार के हमारे जनजातीय समुदाय के लोगों ने उन क्षेत्रों में संघर्ष किया।उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के विरोध में भी हमारे महापुरुषों ने लड़ाई लड़ी। समाज ही नहीं, बल्कि देश की अस्मिता को बचाने के लिए लड़ाई लड़ते-लड़ते अंग्रेजों के द्वारा उन्हें जेल में डाला गया और उनकी एक तरह से हत्या हुई। जनजातीय समाज के बीच में ही नहीं, बल्कि समूचे समाज के लिए उन्होंने जो आवाज उठाई, इसीलिए आज उन्हें धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के रूप में लोग पूजते हैं।
ऐसे हमारे जनजातीय समाज के नायक को केंद्र सरकार ने गौरव दिवस मनाकर सम्मान दिया। समाज के 80 एसटी वर्ग के बहुत सारे महापुरुष हुए, उनके नाम से गौरव दिवस के दिन हम उनका स्मरण कर सकें, सम्मान दे सकें, महिमा मंडित कर सकें और समाज को मान-सम्मान और स्वाभिमान की अनुभूति हो सके, ऐसा सोचकर केंद्र सरकार ने, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जो अवसर दिया, इसके लिए पूरा आदिवासी समाज, जनजातीय समाज प्रधानमंत्री जी को बहुत आभार व्यक्त करता है, बहुत-बहुत धन्यवाद देता है। श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को आगे लाने के लिए अनेकों योजनाएं चलाई गईं। भगवान बिरसा मुंडा के नाम से पीएम जनमन जैसी योजना चलाई गई। वहीं जनजातियों के विकास के लिए धरती आबा योजना चलाकर देश के 549 जिले, जिसमें 63 हजार गांव शामिल हैं, उन गांवों के बेहतर विकास के लिए रोड मैप बनाकर 80 हजार करोड़ रुपये की योजना का शुभारंभ किया गया। यह योजना भी भगवान बिरसा मुंडा जी के नाम से चलाई गई।
पीएम जनमन के तहत बहुत पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरबा, बिरहोर, कमार, भुंजिया, बैगा जैसी जनजातियों के विकास के लिए रोड मैप तैयार करके काम किया गया है। आज उनके गांव में सड़कें पहुंच रही हैं, घर तक बिजली पहुंच गई है, स्कूल लगने लगे हैं और बाकी काम होने लगे हैं। इस प्रकार की बृहत कार्य योजना बनाकर काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसीलिए इतना बड़ा गौरव का क्षण है। हम सबको गर्व होना चाहिए कि प्रधानमंत्री जी हम सबको संबोधित करेंगे, वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदरणीय नितिन नवीन जी का भी मार्गदर्शन हम सबको प्राप्त होगा।
डबल इंजन की सरकार में प्रदेश सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ट्राइबल डिपार्टमेंट की ओर से और समूचे डिपार्टमेंट की ओर से ट्राइबल सब प्लान के तहत बहुत सारी योजनाओं पर स्वीकृतियां दी गई हैं। सड़क से लेकर, बिजली से लेकर, शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर छात्रावास और आश्रम की क्या हालत थी पहले। आज किस तरह से चमचमाते हुए छात्रावास और आश्रम बन रहे हैं। यह सब बताने के लिए बहुत कुछ है।
श्री नेताम ने कहा कि हमारा मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जन्म जयंती के अवसर पर है, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री जी का संदेश सुनने को मिलेगा। इसके बाद भी हमारा कार्यक्रम 11 से लेकर 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों के रूप में चलेगा। युवाओं के बीच में, जनजातीय बहुल बस्तियों के बीच में और मंडल से लेकर हर विधानसभा क्षेत्र में, यहां तक कि गांव-गांव में, बूथ स्तर पर भी हमारा कार्यक्रम होगा।
उन्होंने कहा कि आवास जहां स्वीकृत किया गया, वहीं प्रदेश भर के जरूरतमंद लोगों के लिए और खासकर पीवीटीजी, जो विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के जरूरतमंद थे, उनके लिए प्रदेश में 32000 आवास स्वीकृत किए गए। आपको बताते हुए हर्ष हो रहा है कि पीवीटीजी के लिए जो आवास दे रहे हैं, प्रति आवास 2 लाख रुपये के मान से दे रहे हैं। इसके अलावा वहां सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी जैसी मूलभूत जरूरतों की भी व्यवस्था कर रहे हैं।
इस प्रकार से हमारी सरकार केंद्र सरकार की मदद से, उनके आशीर्वाद से डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ प्रदेश में जनजातियों के लिए, जो प्रदेश में लगभग 42-43 प्रकार की जनजातियां हैं, उन सबके सर्वांगीण विकास के लिए भगवान बिरसा मुंडा धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत 6691 गांवों को शामिल किया गया है, जिसमें छात्रावास, आश्रम, स्कूल भवन से लेकर हॉस्पिटल तक अन्य भी काम शुरू किए गए हैं।
इसके साथ ही पीएम जनमन के तहत 57 मोबाइल यूनिट, मोबाइल वैन बांटी गई हैं। वहां जाकर उस मोबाइल वैन में खाली गाड़ी ही नहीं है, बल्कि उसमें डॉक्टर भी हैं, नर्सेज भी हैं। इस प्रकार की योजना लेकर चल रहे हैं। बाकी बहुत सारी स्कीम है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज को आज जो अवसर मिला है, हमारे महापुरुषों की जीवन गाथा को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का काम प्रधानमंत्री जी ने किया है। आज यदि हम देश के संवैधानिक मुखिया की बात करें तो जनजातीय समुदाय की एक बेटी राष्ट्रपति पद को सुशोभित कर रही हैं। यह हमारे लिए गौरव का विषय है। आज प्रदेश सहित तीन-तीन राज्यों में भाजपा के तीन-तीन आदिवासी मुख्यमंत्री सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। श्री कश्यप ने कहा कि हमारे देश के जनजाति मंत्रालय का बजट 2014 में मात्र 4498 करोड़ रुपये के आसपास था, जो आज बढ़कर लगभग 14900 करोड़ रुपये हो गया है। यह इस बात को दर्शाता है कि जनजातीय समुदाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्राथमिकता में किस स्तर पर है। लोकसभा चुनाव के दौरान एक वातावरण बनाने की कोशिश की गई कि भाजपा की सरकार आएगी तो आरक्षण खत्म कर देगी। लेकिन आज सरकार बने ढाई साल से ऊपर हो रहे हैं। कांग्रेसियों ने झूठ का जो वातावरण फैलाया था, वह पूरी तरह साफ हो चुका है। कहीं पर कोई आरक्षण खत्म नहीं हुआ। हमारा आरक्षण पूरी तरह सुरक्षित है।
यूसीसी को लेकर भी विपक्ष के लोग बड़ी-बड़ी बातें कहते हैं। यूसीसी से हमारे राज्य को बिल्कुल ही पृथक रखा गया है। इस बात को अलग-अलग मंचों के माध्यम से कहा भी गया है। लेकिन कुछ लोग बरगलाने की कोशिश करते हैं। जो लोग घुसपैठियों के साथ और ऐसे तत्वों के साथ खड़े दिखाई देते हैं, जो मतांतरण और अवैध धर्मांतरण की कोशिश करते हैं, उनके साथ खड़े दिखाई देते हैं।
श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने हम सबको यह अवसर प्रदान किया है। यह कार्यक्रम केवल समुदाय स्तर पर नहीं है। पहले एक सामाजिक दृष्टिकोण से हम लोग उस कार्यक्रम को मनाते थे। परिवार के लोग तिलक-चंदन करके उसको मनाते थे। लेकिन आज पूरा देश एकजुट होकर जनजातीय समुदाय के इस जनजातीय गौरव दिवस को मना रहा है और स्वतंत्रता संग्राम के उन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद कर रहा है, उनकी वीरगाथा को याद कर रहा है और उस वीरगाथा को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प ले रहा है। यह बहुत बड़ी बात है और इसके लिए हम पूरे जनजातीय समुदाय की ओर से प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। प्रेस वार्ता में मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि हम सबका सौभाग्य है कि इस बार का प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती का आयोजन 15 नवंबर को रायगढ़ के धरमजयगढ़ में हो रहा है। हम रायगढ़ जिला वासियों के लिए सरकार के आभारी हैं कि सरकार ने निर्णय लिया कि यह आयोजन हमारे धरमजयगढ़ में हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित करते हैं कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी, जो देश ही नहीं दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिनकी बड़ी भूमिका भूपेश बघेल की अत्याचारी सरकार को छत्तीसगढ़ में सत्ता से हटाकर छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने में रही है, ऐसे व्यक्तित्व आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हमारे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में पदार्पण हो रहा है। इस शुभ धरती पर उनका आगमन हो रहा है, इसलिए हम उनके भी आभारी हैं। श्री चौधरी ने कहा कि कल सुबह से ही कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएगा उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आगमन जब धरमजयगढ़ में होगा, उसके बाद वे जनजातीय समाज के प्रमुख जनों के साथ चाय पिएंगे, उनसे भेंट करेंगे और वहां से सीधा आएंगे। उसके बाद यहां लगी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, भगवान बिरसा मुंडा जी को पुष्पांजलि देंगे। इसके पश्चात प्रमुख सामाजिक जनों को अभिवादन करते हुए, नमस्कार करते हुए, प्रणाम करते हुए उनका मंच पर आगमन होगा और यहां उनका उद्बोधन और आदरणीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी का उद्बोधन भी प्राप्त होगा। उसके पश्चात यहां से वे सीधा चले जाएंगे।


★ छठ पूजा में 36 घंटे का निर्जला उपवास कर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जनजातीय दिवस में शामिल होंगे
श्री चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी बिहार की धरती से आते है बिहार की धरती के लिए छठ पूजा महापर्व है इसके बावजूद छठ के दिन, जिसमें आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी 36 घंटे निर्जला उपवास करते हुए जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में शामिल होंगे । जनजातीय समाज के नायक भगवान बिरसा मुंडा जी को भारतीय जनता पार्टी कितना आदर देती है।

★प्रेस वार्ता के दौरान मंचस्थ अतिथि
प्रेस वार्ता में सांसद राधेश्याम राठिया,महेश कश्यप जी सांसद , विकास मरकाम जी औषिधी बोड अध्यक्ष सत्यानंद राठिया जी अ ज जा प्रदेश अध्यक्ष ,विजय जगत प्रदेश महामंत्री अ ज जा,अमल साय राठिया अ ज जा जिला अध्यक्ष रायगढ़ अरुण धर दीवान, प्रशांत ठाकुर जिला प्रभारी की मौजूदगी रही ।
