जनजातीय समाज के गौरव को मोदी सरकार ने दिया सम्मान, योजनाओं से बदली तस्वीर – ओपी चौधरी

■ 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने की सर्व साधारण से अपील

रायगढ़ ।  जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों के अवसर पर रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जनजातीय समाज केवल वोट की राजनीति का विषय नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और विकास को पहली बार इतनी गंभीरता से समझा और जमीन पर उतारा। बिरसा मुंडा जी को मिले राष्ट्रव्यापी सम्मान का जिक्र करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी ने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान के लिए लड़ाई लड़ी, लेकिन आजादी के बाद दशकों तक उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे। मोदी सरकार ने उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया। आज पूरा देश इस दिन को धूमधाम से मनाता है और नई पीढ़ी बिरसा मुंडा के बलिदान से प्रेरणा लेती है। उन्होंने कहा कि रांची में भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान और सह-संग्रहालय बनाकर सरकार ने उनके संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेज दिया है। पीएम जनमन और धरती आबा अभियान से गांवों में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सबसे दूर, सबसे पिछड़े जनजातीय गांवों तक विकास पहुंचाने के लिए मोदी सरकार ने पीएम जनमन योजना शुरू की। इससे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को पक्का घर, बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधा मिलने लगी है। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से हजारों जनजातीय गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और आजीविका के साधन मजबूत किए जा रहे हैं। शिक्षा और रोजगार में नए अवसर का भी उल्लेख करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि जनजातीय बच्चों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय खोले गए, जहां उन्हें अच्छी शिक्षा, हॉस्टल और कोचिंग की सुविधा मिल रही है। पहले जहां आदिवासी बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता था, आज उनके अपने क्षेत्र में ही अच्छे स्कूल बन रहे हैं।इसके साथ ही वनोपज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया गया और वन धन केंद्रों के माध्यम से तेंदूपत्ता, महुआ, साल बीज, हर्रा-बहेरा जैसे वनोपज से आदिवासी परिवारों को सीधा लाभ मिलने लगा है। बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है और आदिवासी भाई-बहनों को उनकी मेहनत का सही दाम मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में दिख रहे असर को प्रभावी बताते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे जनजातीय बहुल प्रदेश में इसका सीधा असर दिख रहा है। रायगढ़ और धरमजयगढ़ क्षेत्र में भी सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य की योजनाएं तेजी से पहुंच रही हैं। आदिवासी संस्कृति, भाषा, नृत्य और परंपरा को सहेजने के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है।ओपी चौधरी ने कहा जनजातीय समाज का गौरव ही भारत का गौरव है। मोदी सरकार ने सिर्फ योजनाएं नहीं दीं, बल्कि सम्मान दिया है। हम सबका कर्तव्य है कि भगवान बिरसा मुंडा जी के दिखाए रास्ते पर चलें और अपने जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा करें।
उन्होंने सभी लोगों से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *