पुणे पहुंचने से पहले रायगढ़ में गांजा बेचने की फिराक, पांच तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े

■ संबलपुर से पुणे जा रहे गांजा तस्करों का रायगढ़ में ‘स्टॉपेज’, रास्ते के खर्च के लिए स्टेशन के बाहर बेचने निकले थे गांजा

रायगढ़ । ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर पुणे जा रहे तस्करों ने रायगढ़ में रास्ते के खर्च की व्यवस्था के लिए गांजा बेचने की योजना बनाई, लेकिन रेलवे स्टेशन के बाहर ग्राहक तलाशते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में चार युवकों और एक अपचारी बालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 25.175 किलो गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आसपास दबिश देकर यह कार्रवाई की। पकड़े गए सभी आरोपी महाराष्ट्र के पुणे जिले के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी संबलपुर से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से रायगढ़ पहुंचे थे। यहां से पुणे जाने से पहले रास्ते के खर्च के लिए गांजा बेचने ग्राहक तलाश रहे थे।

★ स्टेशन के सामने शिव मंदिर के पास तीन तस्कर दबोचे

20 नवंबर को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के बगल में पीपल के पेड़ के नीचे तीन युवक बैग और ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बैठे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

आरोपियों की पहचान अमोल बबन धोत्रे (29), सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18) और शुभम नंदू गुंजाल (23), निवासी पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई। तलाशी में 20 पैकेट में रखा 20.434 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपये है। इनके पास से आईफोन, रेडमी और ओप्पो के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।

★ मोटरसाइकिल स्टैंड के पास दो और पकड़ाए

दूसरी कार्रवाई रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास की गई। यहां बैग में गांजा लेकर वाहन का इंतजार कर रहे दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ा। इनमें इम्तियाज रफिक ईनामदार (21), निवासी चाकन मानिक चौक, पुणे तथा 16 वर्ष 2 माह का एक अपचारी बालक शामिल है।

इम्तियाज के बैग से पांच पैकेट में रखा 4.741 किलो गांजा, कीमत करीब 92 हजार रुपये, और एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन, कीमत करीब 10 हजार रुपये, बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ संबलपुर से गांजा लेकर पुणे जा रहे थे। रायगढ़ पहुंचने के बाद आगे की यात्रा के लिए साधन की व्यवस्था करने स्टेशन के बाहर इंतजार कर रहे थे।

★ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज

दोनों मामलों में चार वयस्क आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध क्रमांक 582/2026 एवं 583/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अपचारी बालक के विरुद्ध किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *