भूपेश बघेल जी, जुबान एक बार गलती से फिसलती है, आपने 5 साल तक पाप किया – अरुण धर दीवान

रायगढ़ । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के एक वीडियो को लेकर की गई टिप्पणी पर भाजपा नेता अरुण धर दीवान ने पलटवार किया है। जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने कहा कि भूपेश बघेल ने लिखा है कि भगवान बिरसा मुंडा तक का नाम तो ठीक से ले नहीं पा रहे हैं और मनाने चले हैं जनजातीय गौरव दिवस, जब मन में पाप हो तो ज़ुबान फिसल ही जाती है।
इस पर पलटवार करते हुए दीवान ने कहा कि भूपेश जी, जुबान तो एक बार फिसलती है, लेकिन पाप तो आपके शासनकाल में लगातार 5 साल तक होता रहा, तब आपकी आत्मा क्यों नहीं कांपी? उन्होंने कहा कि जब आपके शासनकाल में शराब घोटाले का आरोप लगा, जब कोयला घोटाले का आरोप लगा, जब शिक्षा भर्ती घोटाले का आरोप लगा, तब आपकी आत्मा नहीं कांपी। जब छत्तीसगढ़ के गरीबों के प्रधानमंत्री आवास नहीं बनाए गए और गरीबों को छत से वंचित रखा गया, तब आपकी आत्मा नहीं कांपी। अरुण धर दीवान ने कहा कि इससे भी बड़ा उदाहरण यह है कि जब विपक्ष में रहते हुए ओपी चौधरी जी ने कोल माफियाओं की कारगुजारी उजागर की, तब आपने कोल माफियाओं पर कार्रवाई करने की बजाय वीडियो वायरल करने पर ओपी चौधरी जी के खिलाफ ही मामला पंजीबद्ध कर दिया था। तब आपकी आत्मा नहीं कांपी? दीवान ने कहा कि एक छोटी सी जुबान की चूक पर भूपेश बघेल भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान पर लेक्चर दे रहे हैं। जिस सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे देश में मनाने का काम किया, जिस सरकार ने जनजातीय समाज से राष्ट्रपति बनाया, मुख्यमंत्री बनाया, उस सरकार पर सवाल उठाना हास्यास्पद है। असल पाप तो मन में तब था, जब घोटाले हो रहे थे। जुबान तो एक बार फिसली है, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता ने आपकी सरकार को हमेशा के लिए सत्ता से बेदखल कर दिया है।
