21 से 23 दिसंबर तक 101 कुंडीय महायज्ञ व धर्मवीर शताब्दी महोत्सव, देशभर के संतों और धर्माचार्यों का होगा समागम

■ तीन धर्मवीरों की जन्म-बलिदान शताब्दी पर तुरंगा में गूंजेगा राष्ट्ररक्षा का संकल्प

रायगढ़ । भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा, राष्ट्रभक्ति और धर्मरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले तीन महान विभूतियों की स्मृति में रायगढ़ जिले के तुरंगा स्थित आर्ष गुरुकुल आश्रम में 21 से 23 दिसंबर तक तीन दिवसीय 101 कुंडीय राष्ट्ररक्षा महायज्ञ एवं धर्मवीर शताब्दी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती के बलिदान शताब्दी वर्ष तथा स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती और श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष को समर्पित यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठान के साथ राष्ट्रचेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण का व्यापक संदेश देगा।

गुरुवार को सर्किट हाउस रोड स्थित रामेश्वर धाम, विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आर्ष गुरुकुल तुरंगा के आचार्य स्वामी राकेश जी ने महोत्सव की रूपरेखा साझा की। श्री श्री मल्लिका चतुर्भुज धर्मार्थ ट्रस्ट के संयोजन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में तीनों दिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन, संत सम्मेलन, धर्माचार्य सम्मेलन, विचार गोष्ठियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और राष्ट्र एवं समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विमर्श होगा। महायज्ञ में 101 यज्ञ कुंडों के माध्यम से श्रद्धालु आहुतियां अर्पित करेंगे। आयोजन में लगभग 1200 यजमानों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।

तीन महापुरुष, तीन प्रेरणाएं और राष्ट्रसमर्पण का साझा संदेश

महोत्सव के केंद्र में तीन ऐसी विभूतियां हैं, जिनका जीवन धर्म, शिक्षा, सेवा, संगठन और राष्ट्रसमर्पण की अलग-अलग धाराओं को एक सूत्र में पिरोता है। आर्य समाज के प्रखर संन्यासी स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती ने वैदिक शिक्षा, सामाजिक सुधार और राष्ट्रजागरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। गुरुकुल कांगड़ी की स्थापना के माध्यम से उन्होंने भारतीय शिक्षा एवं संस्कारों को नई दिशा दी। 23 दिसंबर 1926 को उनका बलिदान हुआ, जिसकी शताब्दी इस वर्ष मनाई जा रही है।

स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती ने ओडिशा के वनवासी बहुल कंधमाल क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और सामाजिक जागरण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। वनवासी समाज, विशेषकर बच्चों और बालिकाओं की शिक्षा के क्षेत्र में उनके कार्य आज भी स्मरण किए जाते हैं। 15 अगस्त 1926 को जन्मे स्वामी जी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर उनके सेवा और समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

विश्व हिंदू परिषद के प्रमुख संगठनकर्ताओं तथा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी नेतृत्वकर्ताओं में शामिल श्रद्धेय अशोक सिंघल ने हिंदू समाज के संगठन, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रकार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 27 सितंबर 1926 को जन्मे सिंघल जी की जन्म शताब्दी भी इस आयोजन का प्रमुख आधार है।

सामाजिक समरसता और राष्ट्रचेतना पर होगा मंथन

आचार्य स्वामी राकेश जी ने कहा कि सामाजिक समरसता आज केवल समाज की आवश्यकता नहीं, बल्कि वैश्विक शांति और मानवता के लिए भी महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय प्रगति और विश्वशांति के लिए समाज में एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान आवश्यक है। तीनों धर्मवीरों के जीवन से यही प्रेरणा मिलती है कि समाज को विभाजित करने वाली प्रवृत्तियों से ऊपर उठकर राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पित भाव से कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि देशभर में धर्मवीर शताब्दी महोत्सव के आयोजन हो रहे हैं। इनके माध्यम से सामाजिक विद्वेष, जातिवाद, धर्मांतरण और सामाजिक विघटन जैसी चुनौतियों पर जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को सकारात्मक संवाद के लिए एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। रायगढ़ में होने वाला आयोजन भी इसी व्यापक उद्देश्य की कड़ी है।

तीनों दिन यज्ञ, संत सम्मेलन और सांस्कृतिक संध्या

महोत्सव की तीनों दिवस की रूपरेखा धर्म, संस्कृति, राष्ट्ररक्षा, शिक्षा और समाजोत्थान के विविध आयामों को समाहित करेगी। सुबह 8 से 11 बजे तक 101 कुंडीय राष्ट्ररक्षा महायज्ञ एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ राष्ट्र, समाज और विश्वकल्याण के लिए आहुतियां दी जाएंगी। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक संत सम्मेलन, धर्माचार्य सम्मेलन एवं विषय आधारित विचार गोष्ठियां होंगी। दोपहर 1 से 2 बजे तक भोजन-प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक धर्म, संस्कृति, शिक्षा, राष्ट्ररक्षा, सामाजिक समरसता, युवा जागरण एवं समाजोत्थान से जुड़े विषयों पर विमर्श होगा। वहीं शाम 7 से रात 10 बजे तक भजन, देशभक्ति प्रस्तुतियां, नाट्य मंचन और भारतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। तीनों दिन अलग-अलग विषयों पर संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, विद्वानों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री सहित संत – महात्माओं को आमंत्रण

आचार्य स्वामी राकेश जी ने बताया कि आयोजन के शुभारंभ से समापन तक देश के प्रमुख संतों, धर्माचार्यों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, साध्वी ऋतंभरा और स्वामी अवधेशानंद गिरि सहित प्रमुख व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए अनुरोध किया गया है। आयोजन में देशभर से संतों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने मीडिया के सवालों पर सामाजिक समरसता के संदर्भ में सरकार की वोट बैंक केंद्रित राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय समाज में विरोधाभास बढ़ाते हैं। समाज को एकजुट होकर राष्ट्रहित एवं सामाजिक सद्भाव के विषयों पर जागरूक भूमिका निभानी चाहिए।

श्रद्धालुओं के लिए आवागमन, आवास और भोजन की व्यवस्था

आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। रायगढ़ से तुरंगा स्थित आर्ष गुरुकुल आश्रम तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए वाहन व्यवस्था करने की योजना है। बाहर से आने वाले अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन-प्रसाद की व्यवस्था भी आयोजन समिति द्वारा की जाएगी।

आयोजन समिति ने संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, मातृशक्ति और युवाओं से महोत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया है। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन तीन महान विभूतियों के जीवन, तपस्या, बलिदान और राष्ट्रसमर्पण को स्मरण करने के साथ नई पीढ़ी में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और राष्ट्रनिष्ठा के भाव को मजबूत करने का अवसर बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *