ऑपरेशन अंकुश की दस्तक से बेनकाब हुआ अनैतिक कारोबार, किराये के मकान को बनाया देह व्यापार का अड्डा, संचालक गिरफ्तार

■ पाइंटर और पुलिस की घेराबंदी… केलो विहार में देह व्यापार का खुलासा
रायगढ़ । शहर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की निगरानी और रणनीतिक कार्रवाई के बीच केलो विहार में किराये के मकान से संचालित कथित देह व्यापार का खुलासा हुआ है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राहक बनाकर पाइंटर भेजा और उसके निर्धारित संकेत मिलते ही मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई में देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया गया। मौके पर एक युवती भी मिली, जबकि आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवतियों के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा था। 18 नवंबर को मिली सूचना के बाद सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की। टीम ने पहले पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के भीतर भेजा। जैसे ही पाइंटर ने तय संकेत दिया, पुलिस टीम ने मकान को चारों ओर से घेरकर दबिश दे दी।
पुलिस की अचानक कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू और एक कमरे में युवती मिली। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवती ने आरोपी द्वारा रुपये देकर अनैतिक कार्य के लिए लाए जाने की बात बताई। मौके से ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया है।
★ ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन अंकुश चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के शोषण, अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, संजय नाग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुव, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी तथा आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं प्रीति यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
