महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव पर होगा शहर में ऐतिहासिक एवं यादगार विविध आयोजन

अग्रोहा भवन में होगा 20 सितंबर को अग्र पत्रिका का भव्य विमोचन समारोह

रायगढ़ ।  अग्रकुल शिरोमणि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती को लेकर शहर में इस बार भी उत्सव जैसा माहौल है। अग्रवाल समाज, अग्र महिला समिति और युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में इस बार जयंती पखवाड़ा महोत्सव के रूप में मनाई जाएगी,जिसकी तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं। वहीं अग्रोहा भवन और शहर के अन्य स्थानों में प्रतिदिन बैठकें भी हो चुकी हैं और शहर को बैनर-पोस्टरों से सजाया जा रहा है। इस बार परंपरा के साथ आधुनिकता का खूबसूरत समन्वय देखने को मिलेगा। कार्यक्रमों में 20 सितंबर को अग्र पत्रिका विमोचन, 28 को जूटमिल परिसर में पिकल बॉल का शुभारंभ, 30 को नटवर स्कूल में क्रिकेट प्रतियोगिता, 7 अक्टूबर को भव्य घूमर उत्सव और 6 अक्टूबर को विशाल अग्र आनंद मेला मुख्य आकर्षण होंगे। ऐतिहासिक अग्र जयंती कार्यक्रम के संयोजक अनूप बंसल, सचिन बंसल, रवि अग्रवाल और संयोजिका आशा अग्रवाल, कविता बेरीवाल, शालू अग्रवाल सहित अग्र समाज के सभी लोग महाराजा अग्रसेन जी की जयंती को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने में पूरी श्रद्धा व उत्साह के साथ समर्पित हैं।

शहर में उत्सव का माहौल – – अग्रसेन सेवा संघ के सचिव संजय अग्रवाल (माँ बंजारी) ने ऐतिहासिक महाराजा अग्रसेन जयंती के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अग्रसेन जयंती को लेकर रायगढ़ अग्रवाल समाज में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरे शहर में बैनर, पोस्टर और आकर्षक लाइटों से सजावट की जा रही है। वहीं अग्रसेन सेवा संघ, अग्र महिला समितिया और युवा मंच द्वारा संयुक्त रूप से इस बार जयंती को एक पखवाड़ा महोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। श्री अग्रवाल ने बताया कि तैयारियों के तहत प्रतिदिन बैठकें हो रही हैं, जिसमें कार्यक्रमों को भव्यता देने के लिए कार्य विभाजित किए जा रहे हैं। युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह है।

विविध कार्यक्रम का होगा आयोजन – -संयोजक अनूप बंसल बताया कि जयंती की खुशी में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला रखी गई है रंगोली, मेहंदी, चित्रकला, भजन संध्या, शोभायात्रा और समाज गौरव सम्मान समारोह सहित बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। वहीं पूरा अग्र समाज एकजुट होकर इस जयंती को ऐतिहासिक बनाने में जुटा है। यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

महोत्सव के पाँच भव्य विशेष आकर्षण– संयोजक सचिन बंसल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जी की भव्य और ऐतिहासिक जयंती महोत्सव में इस बार पाँच विशेष आयोजन आकर्षण का केंद्र होंगे। जिसके अंतर्गत
आगामी 20 सितंबर को अग्र पत्रिका विमोचन अग्रोहा भवन में समाज की स्मारिका ‘अग्र आमंत्रण पत्रिका’ का भव्य विमोचन होगा। इसमें समाज की उपलब्धियां, इतिहास और प्रतिभाओं का संकलन होगा।वहीं 28 सितंबर को पिकल बॉल का शुभारंभ जूट मिल ग्राउंड में युवाओं के लिए आधुनिक खेल पिकल बॉल कोर्ट में शुभारंभ किया जाएगा। यह स्वास्थ्य और खेल को बढ़ावा देने की दिशा में एक नया कदम है। इसी तरह 30 सितंबर को क्रिकेट प्रतियोगिता नटवर स्कूल मैदान में रात्रि कालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें युवा जोश और खेल भावना का खूबसूरत मंजर देखने को मिलेगा।वहीं  7 अक्टूबर को घूमर महोत्सव व महिलाओं के लिए राजस्थानी संस्कृति पर आधारित भव्य घूमर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें परंपरा और श्रृंगार का सुंदर समन्वय होगा। वहीं आगामी 6 अक्टूबर को  विशाल अग्र आनंद मेले का आयोजन होगा, जिसमें फूड स्टॉल, गेम्स, छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लकी ड्रॉ मुख्य आकर्षण होंगे।

अग्रकुल का महापर्व है–इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए एक सशक्त संयोजक मंडल दिन-रात जुटा हुआ है। वहीं महाराजा अग्रसेन जी की ऐतिहासिक जयंती को लेकर आयोजन के संयोजक अनूप बंसल, सचिन बंसल (जेसीआई) और रवि अग्रवाल (सीए) ने सारगर्भित ढंग से कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती हमारे अग्र कुल का महापर्व है। इसमें संस्कार, नैतिकता और सामाजिक एकता का समावेश है। वहीं हमारा प्रयास है कि इस बार का भी आयोजन सबसे भव्य और यादगार हो, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी हो। हम युवाओं को जोड़कर समाज को नई दिशा देना चाहते हैं। अग्र समाज के सभी लोगों का बेहद सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। जिससे आयोजन यादगार होगा। वहीं संयोजिका आशा अग्रवाल (टाइटन), कविता बेरीवाल और शालू अग्रवाल का भी कहना है कि महिला शक्ति इस आयोजन की विशेषता है/ हर कार्यक्रम में महिलाओं की रचनात्मकता इस बार दिखेगी, हमारा उद्देश्य है कि हमारी बेटियां और बहुएं महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को जानें और गर्व के साथ आगे बढ़ें। यह आयोजन समाज को एक नई ऊर्जा देगा। जिसके लिए हम सभी सदस्य भी पूरे मनोयोग से समर्पित हैं।
आडिटोरियम के कार्यक्रमो में भी एक अलग नयापन के साथ इस वर्ष के सारे कार्यक्रम पहली बार होयेगे अंताक्षरी कलकत्ता की टीम द्वारा मशहूर सिंगर प्रियंका दत्ता के द्वारा संचालित होगा वही मास्टर सेफ का आयोजन ग्लैक्सी माल में रायपुर की टीम डॉक्टर शिल्पी गोयल व सेलिब्रेटी सैफ की मौजूदगी में संपन्न होगा

समाजवाद और समृद्धि के प्रवर्तक–महाराजा अग्रसेन जी केवल एक राजा नहीं, बल्कि एक युगद्रष्टा, समाज निर्माता और मानवता के पथ-प्रदर्शक थे। लगभग 5000 वर्ष पूर्व अग्रोहा नगरी के प्रतापी शासक के रूप में उन्होंने एक ऐसे आदर्श राज्य की स्थापना की, जहाँ समानता, सहयोग और समृद्धि का अद्भुत संगम था।
उनका सबसे महान सिद्धांत था “एक ईंट और एक रुपया”का। अग्रोहा में जो भी बाहर से आता, नगर के हर परिवार उसे एक ईंट और एक रुपया देता, ताकि वह अपना घर और व्यापार स्थापित कर सके। यही भावना आज अग्रवाल समाज की एकता और सहयोग का मूल मंत्र है। उन्होंने अहिंसा, सत्य, प्रेम और व्यापार में नैतिकता का पाठ पढ़ाया। देवी लक्ष्मी की उपासना से उन्होंने बताया कि धन का उपयोग केवल संचय के लिए नहीं, बल्कि समाज सेवा और परोपकार के लिए होना चाहिए। महाराजा अग्रसेन जी ने 18 यज्ञों के माध्यम से 18 गोत्रों की स्थापना की और पूरे समाज को एकता के सूत्र में पिरोया। आज उनके आदर्श ही व्यापार जगत में ईमानदारी और सामाजिक दायित्व की प्रेरणा हैं। वे आज भी हर अग्रवंशी के हृदय में प्रेरणा पुंज के रूप में विद्यमान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *