APK फाइल से मोबाइल हैक कर युवती की निजी तस्वीरें की हासिल, वायरल करने की धमकी देकर ऐंठे तेरह हजार; मुजफ्फरपुर से आरोपी गिरफ्तार

इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी ब्लैकमेलिंग का जाल : रायगढ़ साइबर पुलिस ने साइबर ठग को बिहार से दबोचा

रायगढ़ । सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, मोबाइल हैक कर निजी फोटो-वीडियो हासिल करने और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर रकम वसूलने वाले साइबर अपराधी को रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पीड़िता से ब्लैकमेलिंग के जरिए ₹13 हजार वसूल लिए थे। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने 12 जून 2026 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

छह साल पुरानी इंस्टाग्राम दोस्ती बनी मुसीबत

शिकायत में युवती ने बताया कि लगभग छह वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम पर एक युवक से पहचान हुई थी। युवक ने खुद को अविनाश उर्फ राजा, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। बातचीत बढ़ने पर उसने विश्वास में लेकर युवती से निजी फोटो और वीडियो मंगवाए।
कुछ समय बाद आरोपी ने युवती को एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के साथ एक्सेस कोड भी साझा करने के लिए कहा। युवती के ऐसा करते ही आरोपी ने उसके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और उसमें मौजूद निजी फोटो, वीडियो तथा कॉन्टैक्ट लिस्ट अपने कब्जे में ले ली।

वायरल करने की धमकी देकर वसूले पैसे
मोबाइल का एक्सेस मिलने के बाद आरोपी ने युवती को उसके अंतरंग फोटो-वीडियो सोशल मीडिया और परिजनों के बीच वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण युवती ने आरोपी के पेटीएम खाते में तीन किस्तों में ₹3,000, ₹5,000 और ₹5,000, कुल ₹13,000 भेज दिए। इसके बावजूद आरोपी लगातार ब्लैकमेल करता रहा और युवती के परिजनों से संपर्क कर उसे बदनाम करने का प्रयास भी किया।

तकनीकी जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस
मामले में साइबर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी के आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बिहार रवाना की गई।

मुजफ्फरपुर जिले के बेला थाना क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने अविनाश चौधरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया और युवती से ₹13 हजार वसूले।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका

एसएसपी शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक, एएसआई नंद कुमार सारथी, आरक्षक महेश पंडा, पुष्पेंद्र जाटवर एवं संतराम कैवर्त ने आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close